MP Election 2023: राजनाथ सिंह का एलान, बोले-एमपी में सरकार बनी तो महिलाओं और बुजुर्गों को मुफ्त में कराएंगे राम मंदिर के दर्शन

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। 15 नवंबर की शाम को चुनावी प्रचार खत्म हो जाएगा। मंगलवार को मध्य प्रदेश में पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनावी सभा की। चुनाव को लेकर सभी दल तमाम दावे कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रदेश की जनता से अहम एलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर मध्य प्रदेश में बीजेपी फिर सरकार बनाती है तो महिलाओं और बुजुर्गों को मुफ्त में राम मंदिर के दर्शन कराएंगे।

Update: 2023-11-14 13:55 GMT

Defense Minister Rajnath Singh (Pic: Social Media)

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार जोरों पर है। यहां 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इसी बीच चुनाव को देखते हुए तमाम दल बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं। बीजेपी भी राज्य की जनता से लोकलुभावन वादे कर रही है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को अहम एलान करते हुए कहा कि अगर बीजेपी राज्य में फिर सत्ता में आती है तो महिलाओं और बुजुर्गों को अयोध्या में मुफ्त में राम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।

राजनाथ सिंह ने मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘1980 में जब हमारी पार्टी ने यात्रा शुरू की थी, तब ये शपथ ली थी कि संसद के दोनों सदनों में बहुमत हासिल करने के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण करने से कोई भी ताकत नहीं रोक सकती। मैं आपको अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को होने जा रहे राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए न्योता देने आया हूं।‘


बीजेपी धर्म के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं करती है

बीजेपी ने यह फैसला लिया है कि अगर मध्य प्रदेश में फिर सरकार बनाती है तो महिलाओं और बुजुर्गों को अयोध्या ले जाया जाएगा और राम मंदिर के दर्शन मुफ्त में कराएंगे। बीजेपी सरकार धर्म के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं करती है। उन्होंने कहा, ‘हमने देखा है कि एक धर्म की बहनों के पति तीन बार तलाक बोलकर उनका वैवाहिक रिश्ता तोड़ देते थे। हमने वोटों की परवाह नहीं की और तत्काल तीन तलाक की इस प्रथा को खत्म करने के लिए कानून बनाया।‘

कांग्रेस पर किया कटाक्ष

रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी ‘गरीबी हटाओ‘ का नारा दिया था। कांग्रेस देश में 50-55 वर्षों तक बिना किसी रुकावट के शासन करने के बावजूद गरीबी खत्म नहीं कर सकी। वहीं राजनीतिक द्वेष के चलते कमलनाथ ने केंद्र की कई योजनाओं को रोक दिया था। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया में ताकतवर देश के रूप में उभरा है। अगर कोई भारत के साथ खिलवाड़ करेगा तो हम किसी को बख्शेंगे नहीं।

भाजपा के नेता इस समय चुनावी मोड में हैं। मध्य प्रदेश में बुधवार शाम को चुनाव प्रचार धम जाएगा। इसी को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस ने मंगलवार को एक के बाद एक कई रैलियां की।

Tags:    

Similar News