MP Election 2023 : इस कैंडिडेट का नाम देख सभी दंग, दिन में थे AAP के नेता, शाम को बने BJP प्रत्याशी

MP Election 2023: भाजपा ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की। इसी सूची में एक नाम है बालाघाट जिले की लांजी सीट से राजकुमार कर्राहे का। उनका नाम देखकर सभी हैरान रह गए। क्योंकि, बीजेपी से टिकट मिलने के कुछ देर पहले तक वो AAP में थे।

Update: 2023-08-18 12:30 GMT
राजकुमार कर्राहे (Social Media)

MP Election 2023 : राजनीति भी बड़ी अजीब चीज है। कब किसकी किस्मत पलट दे, पता नहीं। अभी तक जो साथ है, कब किसी और का दामन थाम ले, कह नहीं सकते। ऐसा ही कुछ हुआ है मध्य प्रदेश में। दरअसल, मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 17 अगस्त की शाम 39 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया। इन 39 कैंडिडेट में दो उम्मीदवार ऐसे हैं जिनके नाम की चर्चा सबसे अधिक हो रही है। इन्हीं में एक हैं प्रदेश की मंडला जिले की बिछिया सीट से प्रत्याशी बनाए गए डॉ. विजय आनंद मरावी (Dr. Vijay Anand Maravi)।

डॉ. विजय आनंद मरावी इसलिए सुर्ख़ियों में हैं क्योंकि, उन्होंने गुरुवार सुबह ही जबलपुर मेडिकल कॉलेज (Jabalpur Medical College) में सहायक अधीक्षक पद से इस्तीफा दिया था। शाम होते-होते उनका नाम बीजेपी प्रत्याशियों की लिस्ट में था। दूसरे शख्स हैं बालाघाट जिले की लांजी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाए गए राजकुमार। गुरुवार को ही राजकुमार आम आदमी पार्टी (AAP) का साथ छोड़ा था। महज कुछ घंटों बाद ही उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने टिकट दे मैदान में उतार दिया।

...कुछ घंटे पहले छोड़ी थी AAP, मिला BJP का साथ

बीजेपी ने मध्य प्रदेश में जिन 39 उम्मीदवारों की सूची जारी की उनमें बालाघाट ज़िले की लांजी सीट से राजकुमार कर्राहे (Rajkumar Karrahe) का नाम भी था। राजकुमार का नाम देख राजनीतिक विश्लेषकों को भी हैरानी हुई। दरअसल, बीजेपी प्रत्याशी घोषित होने से चंद घंटे पहले तक राजकुमार आम आदमी पार्टी (AAP) में थे। इतना ही नहीं, इलाके में राजकुमार का पोस्टर भी AAP वाले ही लगे हुए थे। पोस्टर में उनके साथ AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की भी तस्वीर लगी है।

कौन हैं राजकुमार कर्राहे?

आपको बता दें, बीजेपी उम्मीदवार राजकुमार कर्राहे ने राजनीति की शुरुआत लांजी क्षेत्र के युवा भाजपा नेता के रूप में की थी। साल 2012 तक लांजी जिले में पंचायत अध्यक्ष भी रहे थे। वर्ष 2018 विधानसभा चुनाव में राजकुमार पर पार्टी विरुद्ध काम करने के आरोप लगे। जिसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बीते 5 वर्षों से राजकुमार AAP के चेहरे के रूप में सक्रिय रहे। लेकिन, चुनावी समर में उन्होंने ऐसा पाला बदला कि अच्छे-अच्छे गच्चा खा जाएं।

5 राज्यों में चुनाव के लिए BJP ने कमर कसी

गौरतलब है कि, बीजेपी ने 17 अगस्त की शाम आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मध्य प्रदेश के 39 और छत्तीसगढ़ के लिए 21 कैंडिडेट की लिस्ट जारी की। प्रत्याशियों की पहली सूची इतनी जल्दी घोषित करने का बीजेपी का निर्णय इन राज्यों के चुनावों के महत्व को दिखाता है। आपको बता दें, इस साल के अंत में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव होने हैं। इन राज्यों में बीजेपी सिर्फ मध्य प्रदेश में ही सत्ता में है।

Tags:    

Similar News