Ujjain Rape Case: उज्जैन में खून से सनी अर्धनग्न बच्ची रेप के बाद कई घंटे सड़क पर भटकती रही, भयावह घटना से कांप उठा देश

Ujjain Rape Case: महाकाल नगरी उज्जैन में एक सनसनीखेज घटना घटी है। यहां एक 12 साल की नाबालिग लड़की दरिंदगी का शिकार हुई है। खून से सनी अर्धनग्न बच्ची कई घंटे तक अकेले शहर की सड़क पर भटकती रही।

Update: 2023-09-28 01:56 GMT

Ujjain Rape Case: महाकाल नगरी उज्जैन में एक सनसनीखेज घटना घटी है। यहां एक 12 साल की नाबालिग लड़की दरिंदगी का शिकार हुई है। खून से सनी अर्धनग्न बच्ची कई घंटे तक अकेले शहर की सड़क पर भटकती रही। कुछ लोगों ने पीड़िता को देखा भी लेकिन शायद डर या किसी अन्य सामाजिक वजह से न उसे रोका और पूछा। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता को रेस्क्यू किया। लड़की के कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिसमें वह अकेले सड़क पर भटकती नजर आ रही है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को बच्ची महाकाल थाना इलाके में बड़नगर रोड पर दांडी आश्रम के पास मिली थी। जहां से उसे शहर के चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत ज्यादा खराब होने के कारण उसे इंदौर रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के बाद उसकी हालत अब स्थिर है। बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोटें हैं और डॉक्टर्स ने रेप की पुष्टि कर दी है। बच्ची का अत्यधिक खून बह गया था, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे अपना खून दिया।

मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित

उज्जैन एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि बच्ची की भाषा से वह प्रयागराज की लग रही है। हालांकि, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती। क्योंकि मानसिक रूप से वह ज्यादा बताने में सक्षम नहीं है। उसके साथ किसने कहां क्या किया, वह बता नहीं पा रही है। महिला एक्सपर्ट की मदद से बच्ची की बोली को समझने की कोशिश की जा रही है। जरूरत पड़ने पर यूपी पुलिस से मदद ली जा सकती है। एसपी शर्मा ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में पहली कार्रवाई करते हुए एक ऑटोवाले को हिरासत में लिया है। जो सीसीटीवी फुटेज में लड़की के साथ दिखा था।

मामले को लेकर राजनीति गरमाई

उज्जैन में नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी को लेकर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। एमपी में फिलहाल विधानसभा चुनाव का माहौ है। लिहाजा विपक्षी कांग्रेस ने इसे घटना को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरा है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री विहीन हो चुका है। अपराधी निरंकुश हैं और जनता परेशान हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपराधियों को सख्त सजा देने की मांग करते हुए पीड़िता को एक करोड़ रूपये की आर्थिक मदद देने की मांग की है।

वही, इस वीभत्स घटना पर सत्तारूढ़ दल की भी प्रतिक्रिया आई है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि इस तरह की घटना दुर्भाग्य से भी दुर्भाग्य जनक है। दरिंदों को फांसी की सजा मिलेगी। उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


स्वाति मालीवाल ने भी साधा निशाना

उज्जैन में नाबालिग लड़की के साथ हुई दरिंदगी को लेकर दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने भी एमपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक लड़की ढाई घंटे तक दुष्कर्म के बाद अर्धनग्न अवस्था में खून से लथपथ सड़क पर भागती रही। देश भर में क़ानून व्यवस्था की लचरता शर्मसार करने वाली है। सरकारों की विफलता तो जग ज़ाहिर है लेकिन लोगों में इंसानियत भी ख़त्म होती जा रही है।

Tags:    

Similar News