MP Politics: CM कुर्सी की दौड़ में दो नेताओं के नाम शामिल

मध्यप्रदेश में इन दिनों राजनीति गरमाई हुई है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व सीएम बदलने को लेकर बड़ा फैसला ले सकता है...

Newstrack :  Network
Published By :  Ragini Sinha
Update: 2021-07-19 09:57 GMT

एमपी में CM बदलने की चर्चा तेज (social media)

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बदलने की सुर्खियों में है, बताया जा रहा है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस मामले में कुछ बड़ा फैसला ले सकता है। बीते कुछ दिनों से मध्यप्रदेश में जब सीएम बदलने के कयास लगाए गए, तो उम्मीदवारों के नामों में सबसे ज्यादा केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा के नामों की चर्चा सबसे ऊपर थी। इसके अलावा माना जा रहा था कि मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी इस दौड़ में शामिल हैं, यह दोनों ही संघ के करीबी माने जाते हैं। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने इन दोनों नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की माने तो उन्होंने अपनी ट्वीट में साफ कर दिया है कि यह दोनों नेता अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री उम्मीदवारों की दौड़ से दूर हो चुके हैं।



'CM शिवराज सिंह चौहान का मुख्यमंत्री पद से हटना तय है'

सीएम के बदले जाने की चर्चा के बीच मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट कर चर्चा को और हवा दे दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा है कि मामू का जाना तय है यानि कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का मुख्यमंत्री पद से हटना तय है, इससे आगे उन्होंने ट्वीट में यह भी लिखा है कि प्रहलाद पटेल या बीडी शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। उन्होंने लिखा कि प्रहलाद पटेल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उम्मीदवार हैं और बीडी शर्मा संघ के उम्मीदवार हैं, बाकी उम्मीदवारों को मेरी सहानुभूति है।

मुख्यमंत्री के बदले जाने की चर्चा हो रही है

बीते माह से ही मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के बदले जाने की चर्चा हो रही है और सुर्खियों में भी है. आपको बता दें कि हाल ही में उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री बदले गए हैं और अब भाजपा कर्नाटक के मुख्यमंत्री बदलने की तैयारी में हैं. इसी बीच मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर एक बार फिर से मध्य प्रदेश की सियासत में खलबली मचा दी है, और एक बार फिर मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री बदले जाने की बात ने तूल पकड़ लिया है.  

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में 2 नेता शामिल

ट्वीट में खास बात यह है कि उन्होंने बाकी के उम्मीदवारों को मेरी सहानुभूति लिखकर कहीं ना कहीं उन उम्मीदवारों की ओर इशारा किया है, जो शायद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में पिछड़ चुके हैं, उनका साफ तौर पर कहना है कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सिर्फ केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष बीडी शर्मा ही शामिल हैं।

मोदी -शाह अपने मुख्यमंत्रियों को बदल रहे

दरअसल, दिग्विजय सिंह की इस ट्वीट से ठीक एक दिन पहले उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि आजकल भाजपा मोदी शाह अपने मुख्यमंत्रियों को बदल रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी कुछ हमारे भाजपा के अपने आप को योग्य समझने वाले नेताओं की उम्मीदें बढ़ गई हैं। कितने और कौन कौन मप्र भाजपा में उम्मीदवार हैं कोई हमें बता सकता है? नहीं बताओगे तो मैं कल सूची दे दूंगा, और इसी ट्वीट के बाद उन्होंने आज दूसरी ट्वीट में उन्होंने दो नामों को एमपी के सीएम पद की दौड़ में सबसे आगे बताया है।

Tags:    

Similar News