Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की यात्रा में लगे 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे, BJP ने Video जारी कर कांग्रेस को घेरा

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की मौजूदगी में 'भारत जोड़ो यात्रा' जब खरगोन होकर गुजर रही थी, तब 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगे। बीजेपी के इस आरोप को कांग्रेस ने गलत बताया है।

Written By :  aman
Update: 2022-11-25 11:10 GMT

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी सहित अन्य (Social Media)

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की 'भारत जोड़ो यात्रा' (Bharat Jodo Yatra) आजकल मध्य प्रदेश (MP News) होकर गुजर रही है। बीजेपी शासित राज्य एमपी में यात्रा के तीसरे दिन जमकर बवाल हुआ। भारतीय जनता पार्टी (BJP) का आरोप है कि, शुक्रवार (25 नवंबर) को भारत जोड़ो यात्रा जब खरगोन होकर गुजर रही थी तब राहुल की मौजूदगी में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगे। बीजेपी ने ये भी दावा किया कि यह वीडियो कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से शेयर किया। हालांकि, बाद में उसे हटा लिया गया। कांग्रेस ने बीजेपी के आरोप को गलत बताया है।

पहले तो कांग्रेस प्रदेश कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया समन्वयक भाजपा में शामिल हो गए। इसके कुछ ही देर बाद भाजपा ने आरोप लगाया कि खरगोन में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल की मौजूदगी में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। दावा किया है कि यह वीडियो कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। इसे बाद में हटा लिया गया। कांग्रेस ने भाजपा के आरोप लगाए वीडियो को झूठा करार दिया है। 

BJP आईटी सेल ने किया वीडियो पोस्ट

बीजेपी आईटी सेल के मुखिया और नेता अमित मालवीय ने एक ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा, 'राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए ऋचा चड्ढा के सार्वजनिक आवेदन के बाद खरगोन में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगे। कांग्रेस सांसद ने वीडियो पोस्ट किया और बाद में गड़बड़ी सामने आने के बाद इसे हटा दिया। ये है कांग्रेस का सच।'

CM शिवराज-..पहले भी भारत तोड़ा है 

राहुल की यात्रा में पाकिस्तान समर्थित नारे लगने की बात सामने आते ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी एक्टिव मोड में दिखे। उन्होंने भी इस मसले पर हमलावर रुख अख्तियार किया। उन्होंने ट्वीट किया, 'भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है? पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।'

कांग्रेस का पलटवार- ये राहुल गांधी का डर है

हालांकि, कांग्रेस ने अपने ऊपर लगे इन आरोपों पर पलटवार किया है। पार्टी ने कहा, कि 'यह राहुल गांधी का डर है, जो बीजेपी में दिख रहा है। कूटरचित वीडियो के माध्यम से झूठ फैलाने का षड्यंत्र किया जा रहा है।'

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने भी घेरा

मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी विवादित नारे वाले वीडियो को शेयर किया। उन्होंने लिखा, बेहद शर्मनाक! खरगोन में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सरेआम 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे से कांग्रेस की देश तोड़ने की मानसिकता फिर से उजागर हुई है। यह बार-बार साबित हो रहा है कि यह भारत तोड़ो यात्रा है। इस निंदनीय कृत्य के लिए राहुल गांधी को देश से माफी मांगना चाहिए। 

नगमा ने किया था ऋचा चड्ढा का समर्थन

गौरतलब है कि, बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा दो दिन पहले ही सेना पर किये अपने ट्वीट से विवादों में घिर गई थीं। बवाल बढ़ने के बाद ऋचा ने माफ़ी मांग ली थी। दरअसल, फिल्म अदाकारा ने पीओके और गलवान के शहीदों को लेकर आपत्तिजनक ट्वीट किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने ट्वीट डिलीट कर माफी मांगी थी। मगर, कांग्रेस की नेता नगमा ने ऋचा चड्ढा के सेना का मनोबल गिराने वाले ट्वीट का समर्थन किया था। 

Tags:    

Similar News