Bharat Jodo Yatra: राहुल के साथ पहली बार यात्रा में शामिल हुईं प्रियंका, भाई-बहन की जोड़ी से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

Bharat Jodo Yatra: भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को हुई थी मगर अभी तक प्रियंका गांधी ने यात्रा में हिस्सा नहीं लिया था।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-11-24 04:08 GMT

Rahul Gandhi In Bharat Jodo Yatra  (photo: social media )

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र के बाद मध्य प्रदेश में दाखिल हो चुकी है। मध्यप्रदेश में यह यात्रा पांच जिलों से होकर गुजरेगी और इस दौरान कांग्रेस की ओर से भाजपा शासित मध्यप्रदेश में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी है। भारत जोड़ो यात्रा में आज पहली बार राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी भी शामिल हुई हैं।

भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को हुई थी मगर अभी तक प्रियंका गांधी ने यात्रा में हिस्सा नहीं लिया था। आज सुबह बोरगोन गांव से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हुई जिसमें राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी यात्रा की अगुवाई करती हुई दिखीं।

प्रियंका के शामिल होने से दिखा उत्साह

मध्यप्रदेश में 13 दिनों की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उज्जैन में बड़ी रैली और मेगा रोड शो करने की भी तैयारी है। मध्य प्रदेश की यात्रा के दौरान सबसे उल्लेखनीय बात प्रियंका गांधी का यात्रा में शामिल होना मानी जा रही है। प्रियंका गांधी के यात्रा में शामिल होने के कारण कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह दिखा।

मध्य प्रदेश में आज दोपहर राहुल गांधी टंट्या भील को श्रद्धांजलि देंगे। पार्टी की ओर से आज दोपहर आदिवासी सभा का भी आयोजन किया गया है। सभा के बाद यात्रा पंथाना गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगी। आज खेरदा में यात्रा के विश्राम का कार्यक्रम है।

प्रियंका चार दिनों तक लेंगी यात्रा में हिस्सा

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी चार दिनों तक रुकेंगी और इस दौरान उनका पूरा फोकस भारत जोड़ो यात्रा पर ही रहेगा। माना जा रहा है कि प्रियंका के चार दिनों तक भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के दौरान भाई-बहन की जोड़ी के समर्थन में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ेगी।

सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या इलाके में यात्रा में शामिल हो चुकी हैं जबकि यह पहला मौका है जब प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश में यात्रा में शामिल हुई हैं। भारत जोड़ो यात्रा के सह समन्वयक मकसूद अली का कहना है कि मध्यप्रदेश में 13 दिनों की यात्रा के बाद भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में दाखिल होगी।

मध्यप्रदेश में 13 दिनों का कार्यक्रम

मध्यप्रदेश में कांग्रेस का संगठन काफी मजबूत है और इसलिए माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश में राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में काफी भीड़ उमड़ेगी। मध्यप्रदेश में यात्रा का 13 दिनों का कार्यक्रम तय किया गया है और इस दौरान यह यात्रा बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर, खंडवा और उज्जैन से होकर गुजरेगी।

मध्यप्रदेश में इन जिलों को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जाता रहा है। यात्रा का मार्ग पहले ही तय किया जा चुका है और इस यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी खंडवा के प्रसिद्ध ओंकारेश्वर मंदिर उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन पूजन भी करेंगे।

उज्जैन में राहुल करेंगे बड़ी रैली

इन दोनों मंदिरों के धार्मिक रूप से काफी मान्यता है और इस कारण और राहुल के इन दोनों मंदिरों में दर्शन का कार्यक्रम तय किया गया है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी महू में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली का भी दौरा करेंगे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम उज्जैन में होगा।

उज्जैन में राहुल की बड़ी रैली और मेगा रोड शो का कार्यक्रम तय किया गया है। इसके साथ ही राहुल इंदौर में 29 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

मोदी सरकार पर राहुल का बड़ा हमला

बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार को हुई रैली के दौरान राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी मोदी सरकार की नीति नहीं बल्कि शोषण का हथियार हैं। इसके जरिए सरकार ने छोटे व्यापारियों, किसानों, मजदूरों और आम लोगों का जीना दूभर कर दिया। सरकार के इस कदम ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी है।

उन्होंने अग्निवीर योजना को लेकर भी मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना में भर्ती होने वाले युवक चार साल बाद बेरोजगार हो जाएंगे और सरकार को इन युवकों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। अभी तक सरकार और सेना के बीच पवित्र रिश्ता था मगर सरकार के इस फैसले ने इस पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया है।

Tags:    

Similar News