Loksabha Election 2024 : संजय निरुपम को कांग्रेस से निकालने की तैयारी, प्रस्ताव पारित

Loksabha Election 2024 : बागी तेवर दिखाने वाले महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम को पार्टी से निकालने की तैयारी है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-04-03 12:02 GMT

Sanjay Nirupam (Photo - Social Media )

Loksabha Election 2024 : बागी तेवर दिखाने वाले महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम को पार्टी से निकालने की तैयारी है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने निरुपम को पार्टी से निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। इसके साथ ही उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची से भी बाहर कर दिया गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस की ओर से प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद अब पार्टी हाईकमान की ओर से इस पर फैसला लिया जाएगा।

सियासी जानकारों का मानना है कि प्रदेश कांग्रेस की ओर से प्रस्ताव पारित होने के बाद अब जल्द ही पार्टी हाईकमान इस पर मुहर लगा सकता है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना की ओर से महाराष्ट्र की कई सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद संजय निरुपम ने बागी तेवर अपना लिया था।

दरअसल निरुपम की निगाह मुंबई उत्तर पश्चिम सीट पर लगी हुई थी जिस पर उद्धव गुट ने उम्मीदवार उतार दिया था। इसके बाद निरुपम ने उद्धव गुट के साथ ही प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर भी हमला बोला था।

बागी तेवर के बाद निरुपम पर एक्शन

महाराष्ट्र कांग्रेस की आज मुंबई में हुई बैठक के दौरान संजय निरुपम की ओर से हाल में दिए गए बयानों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान कई नेताओं का मानना था कि निरुपम पार्टी विरोधी बयान देने में जुटे हुए हैं। इसके बाद बैठक में निरुपम को पार्टी से निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि निरुपम हाल के दिनों में कई आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं। इन बयानों को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस की ओर से पारित प्रस्ताव पर अब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व फैसला लेगा। पटोले ने बताया कि इसके साथ ही संजय निरुपम का नाम स्टार प्रचारकों की सूची से भी बाहर कर दिया गया है।

उद्धव गुट के ऐलान से भड़की नाराजगी

दरअसल महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही है मगर अभी तक सीट बंटवारे को अंतिम रूप नहीं दिया जा चुका है। इस बीच एमवीए में शामिल शिवसेना के उद्धव गुट ने राज्य की 21 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। इस ऐलान को लेकर कांग्रेस के कुछ अन्य नेता भी नाराज बताए जा रहे हैं जबकि संजय निरुपम ने उद्धव गुट के इस कदम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उनका कहना था कि कांग्रेस ने महाविकास अघाड़ी गठबंधन में पूरी तरह घुटने टेक दिए हैं और इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर भी हमला बोला था।

निरुपम की निगाह मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट पर लगी हुई थी मगर उद्धव गुट ने इस सीट पर अमोल कीर्तिकर को अपना उम्मीदवार बना दिया है। इसके बाद से ही संजय निरुपम बागी तेवर अपनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि अब जल्द ही उनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई होगी।

पटोले को विवाद सुलझने की उम्मीद

इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने उम्मीद जताई है कि महाराष्ट्र की खींचतान वाली सीटों पर जल्द ही सहयोगी दलों के बीच समझौता हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एमवीए की आज बैठक होने वाली है और हमें उम्मीद है कि इस बैठक के दौरान सांगली, भिवंडी और मुंबई की कुछ सीटों को लेकर पैदा हुए विवाद को सुलझा लिया जाएगा।

उद्धव गुट की ओर से सांगली लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया गया है जबकि कांग्रेस की ओर से इस सीट पर दावेदारी की जा रही थी। कांग्रेस सांगली को अपनी परंपरागत लोकसभा सीट मानती रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने पिछले दिनों उद्धव ठाकरे से अपील की थी कि वे सांगली समेत दो सीटों पर फिर से विचार करें।

महाराष्ट्र में एकजुट होकर लड़ेंगे चुनाव

पटोले ने कहा कि एमवीए की बैठक के दौरान आज गठबंधन में शामिल सभी दलों के नेता विभिन्न पार्टियों की ताकत के आधार पर उचित फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि हमें राज्य में भाजपा की अगुवाई वाले गठबंधन के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़नी है और इसके लिए हम सभी ने एकजुट होकर चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है। हमें पूरा भरोसा है कि इस बार महाराष्ट्र की जनता का समर्थन हमें हासिल होगा।

मैं अपना फैसला खुद लूंगा: संजय निरूपम

वहीं, संजय निरूपम ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि कॉंग्रेस पार्टी मेरे लिए ज़्यादा ऊर्जा और स्टेशनरी नष्ट न करे। बल्कि अपनी बची-ख़ुची ऊर्जा और स्टेशनरी का इस्तेमाल करे,पार्टी को बचाने के लिए करे। वैसे भी पार्टी भीषण आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है। मैंने जो एक हफ़्ते की अवधि दी थी, वह आज पूरी हो गई है। कल मैं खुद फ़ैसला ले लूँगा।

Tags:    

Similar News