Maharashtra News Today: महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, बांद्रा में गिरा निर्माणाधीन फ्लाईओवर का हिस्सा, 14 लोग घायल

Maharashtra News Today: महाराष्ट्र के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आज निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिर गया, जिसमें 14 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।

Written By :  Chitra Singh
Update: 2021-09-17 05:07 GMT

निर्माणाधीन फ्लाईओवर (डिजाइन फोटो- सोशल मीडिया)

Maharashtra News Today: महाराष्ट्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि पूर्वी बांद्रा के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (Bandra Kurla Complex) में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिर गया, जिसमें 14 लोग घायल हो गए है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद है और राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

बृहन्मुंबई नगर निगम (Brihanmumbai Municipal Corporation, BMC) ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि " पूर्वी बांद्रा के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आज पुल का एक हिस्सा गिरने से कुल 14 लोग घायल हो गए। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है।" मिली जानकारी के अनुसार, घायलों को बीएन देसाई अस्पताल (BN Desai Hospital) भर्ती कराया गया है।

डीसीपी ने दी हादसे की जानकारी

वहीं मुंबई के जोन 8 के डीसीपी (जोन 8) मंजूनाथ सिंगे (Manjunath Singe) ने इस बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया है, " आज सुबह लगभग 4:30 बजे बीकेसी मुख्य सड़क और सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड को जोड़ने वाली निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा ढह गया। 14 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई जनहानि नहीं है और कोई व्यक्ति लापता नहीं है।"

हालांकि मुंबई पुलिस ने भले ही ये साफ कह दिया है कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और ना ही कोई व्यक्ति लापता हुआ है। लेकिन फायर ब्रिगेड (Fire Brigade) की टीम हादसे को लेकर सतर्क है। फिलहाल घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य जारी है।

हादसे के जांच में जुटी फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम

बताते चलें कि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि ये हादसा कैसे हुआ। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम हादसे की जांच में जुटी हुई है। वहीं पुलिस ने हादसे वाले इलाके में पूरी तरह से घेराबंदी कर दी है। 

Tags:    

Similar News