Mumbai Rain : भारी बारिश से मुंबई पानी-पानी, कई फ्लाइटें की गईं डायवर्ट, IMD का रेड अलर्ट

Mumbai Rain : महाराष्ट्र के मुंबई में दोपहर से ही हो रही भारी बारिश से बुरा हाल है। जनजीवन बेहाल हो गया है, सड़कों पर पानी-पानी ही नजर आ रहा है।

Newstrack :  Network
Update:2024-09-25 21:45 IST

Mumbai Rain : महाराष्ट्र के मुंबई में दोपहर से ही हो रही भारी बारिश से बुरा हाल है। जनजीवन बेहाल हो गया है, सड़कों पर पानी-पानी ही नजर आ रहा है। ट्रैफिक ध्वस्त हो चुका है, रेलवे स्टेशनों पर भीड़ जमा हो गई है। कई उड़ाने रद्द कर दी गई हैं या उन्हें डायवर्ट कर दिया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट भी जारी कर दिया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और आस-पास के इलाकों के लिए भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने मुंबई, ठाणे और रत्नागिरी में बादलों की गरज और चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही तेज हवा चलने का भी अनुमान है। मुंबई के कई इलाकों में दोपहर से ही भारी बारिश हो रही है, जो कल यानी 26 सितंबर तक जारी रहने का अनुमान है।

यातायात व्यवस्था ध्वस्त

देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में भीषण बारिश के कारण यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई है, रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई है। सड़क, रेल और हवाई मार्ग प्रभावित हो गया है। इसके साथ विस्तारा, इंडिगो, एयर एशिया और आकाशा एयरलाइंस की कई फ्लाइटों को को डायवर्ट कर दिया गया है। मुलुंड और आस-पास के इलाकों में काफी जलभराव देखा गया है। 

घरों में घुसा पानी

वहीं, विदर्भ और मराठवाड़ा में भी भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। यहां कपास, सोयाबीन और अरहर की फसल हो काफी नुकसान हो गया है। निचले इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। बारिश के कारण नाले उफान मार रहे हैं। हाल बद से बदतर हो चुका है। आम जनजीवन प्रभावित हो गया है।

स्कूल और कॉलेज बंद

मुंबई और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश के कारण प्रशासन ने स्कूल और कॉलेजों को बंद करने का निर्देा दिया है। सभी स्कूल और कॉलेज 26 सितंबर को बंद रहेंगे। वहीं, बृह्मनमुंबई नगर निगम (BMC) ने सभी नागरिकों को घर पर ही रहने की अपील की है। इसके साथ ही कहा है कि बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।

Tags:    

Similar News