MVA Protest March: शिंदे सरकार और गवर्नर के खिलाफ मुंबई में MVA का विरोध मार्च, उद्धव और अजीत पवार भी हुए शामिल

MVA Protest March: महा विकास अघाड़ी ने आज ‘हल्ला बोल’ रैली निकाली है। MVA का ये विरोध मार्च जे.जे अस्पताल के पास से शुरू हुआ जो छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर समाप्त होगा।

Written By :  aman
Update: 2022-12-17 09:28 GMT

शिंदे सरकार और गवर्नर के खिलाफ मुंबई में MVA का विरोध मार्च (Social Media)

MVA Protest March: महाराष्ट्र में सियासत फिर गरमाने लगी है। एकनाथ शिंदे सरकार के खिलाफ महाविकास अघाड़ी (MVA) सड़क पर उतरी है। शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता अजीत पवार (Ajit Pawar) शनिवार (17 दिसंबर) को मुंबई में महाराष्ट्र विकास अघाड़ी की ओर से निकाले गए विरोध मार्च में शामिल हुए।

इस मार्च में हजारों की संख्या में लोग सड़क पर उतरे। MVA समर्थक, नेता और कार्यकर्ता भी इस विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बने। आपको बता दें, महाविकास अघाड़ी का ये प्रदर्शन राज्य की शिंदे सरकार और गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी के खिलाफ है। कोश्यारी ने बीते दिनों छत्रपति शिवाजी महाराज पर विवादास्पद टिप्पणी की थी, जिसके विरोध में आज मार्च निकाला जा रहा है।

आखिर क्यों MVA कर रही प्रदर्शन?

महाराष्ट्र की राजनीति में विपक्ष की तीनों महत्वपूर्ण पार्टियां शिवसेना (Shiv Sena), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और कांग्रेस (Congress) के नेता आज सड़क पर उतरे हैं। महाविकास अघाड़ी का ये प्रदर्शन छत्रपति शिवाजी महाराज और ज्योतिबा फुले के अपमान को लेकर है। एमवीए का कहना है कि, इसके अलावा भी कई अन्य कारण हैं। कर्नाटक के साथ सीमा विवाद, पड़ोसी राज्य से लगती सीमा वाले क्षेत्रों में मराठी भाषियों के खिलाफ अत्याचार, महाराष्ट्र से बाहर की जा रही औद्योगिक परियोजनाएं सहित अन्य मुद्दे शामिल हैं। 

कांग्रेस- सरकार के खिलाफ है लोगों का गुस्सा

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) सुप्रीमो शरद पवार (Sharad Pawar) भी आज महाविकास अघाड़ी के 'हल्ला बोल' मोर्चा में शामिल हो सकते हैं। पवार एक रैली को संबोधित करेंगे। इस मौके पर महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा,'प्रदर्शन एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार के खिलाफ लोगों के गुस्से को दिखाता है।'

'इतिहास बदलने की कोशिश न करें'

विरोध मार्च में शामिल एनसीपी नेता दिलीप वाल्से पाटिल (NCP leader Dilip Walse Patil) ने कहा, 'छत्रपति शिवाजी महाराज, सावित्रीबाई फुले सहित अन्य महानुभावों के खिलाफ कुछ भी कहा जाए तो ये महाराष्ट्र की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, शिंदे सरकार को हमारा सख्त संदेश है, कि उन्हें राज्य के इतिहास को बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। वो अपना काम करें।'

Tags:    

Similar News