मुंबई में भीषण बारिश: चार मंजिला इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत, हर तरफ पानी ही पानी

मुंबई में बारिश ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। ऐसे में ताजा खबर आ रही है कि मुंबई के मलाड वेस्ट इलाके में बुधवार की रात लगभग 11 बजे चार मंजिला रिहायशी इमारत भरभराकर ढह गई।

Newstrack :  Network
Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2021-06-10 02:45 GMT

चार मंजिला इमारत गिरी (फोटो-सोशल मीडिया)

नई दिल्ली: मॉनसून की शुरूआत हुई नहीं कि मुंबई में बारिश ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। ऐसे में ताजा खबर आ रही है कि मुंबई के मलाड वेस्ट इलाके में बुधवार की रात लगभग 11 बजे चार मंजिला रिहायशी इमारत भरभराकर ढह गई। इस भीषण हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। वहीं कई लोग जो मलबे के नीचे दब गए, उन्हें मलबे से बाहर निकालने का काम लगातार जारी है।

ऐसे में बृहन्मुंबई नगर निगम के अनुसार, मलाड के कलेक्टर कंपाउंड में इमारत गिरने से अभी तक 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बीएमसी (BMC) ने बताया कि आसपास की तीन और इमारतों को भी खाली करवा लिया गया है क्योंकि इनकी हालत ठीक नहीं ंहै। बचाव अभियान जोर-शोर से जारी है।

बारिश का रेड अलर्ट

इस बारे में डीसीपी साउथ जोन विशाल ठाकुर ने बताया कि अब तक महिलाओं और बच्चों समेत 15 लोगों को निकाला जा चुका है इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका है।   

मुंबई में बारिश (फोटो-सोशल मीडिया)

मायानगरी मुंबई में मॉनसून ने बीते दिन बुधवार को दस्तक दे दी है। लगातार तेज बारिश की वजह से मायानगरी में हर जगह सिर्फ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। मुंबई की लाइफलाइन के नाम से मशहूर लोकल ट्रेन का संचालन बाधित हुआ और चार सबवे भी बंद करने पड़े।

ऐसे में मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले में अगले चार दिनों तक भारी से भयंकर बारिश का रेड अलर्ट जारी किया। लोगों को सर्तक रहने को कहा गया है। वहीं मुंबई के निचले इलाके गुरुवार सुबह से हुई भारी बारिश से जलमग्न हो गए। लोगों को आज सुबह यानी गुरूवार को काम पर निकलने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बारिश की वजह से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल पर पटरियां पानी में डूब गईं। जिसकी वजह से ठाणे और वाशी के लिए लोकल ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। दूसरी तरफ बेस्ट बसों का रूट भी परिवर्तित करना पड़ा। वहीं महानगर के चार सबवे भी पानी भरने के कारण बंद करने पड़े।

और तो और मुंबई के निचले इलाकों में लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। घरों पानी के कम होने के इंतजार में छतों में और ऊपरी मंजिलों पर नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर 2:30 बजे तक सांताक्रूज में 164.8 एमएम बारिश हुई। समुद्र में 4 मीटर से ऊंची लहरें उठी। 

ऐसे में मुंबई मे जलजमाव की स्थिति के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे बीएमसी आपदा नियंत्रण पहुंचे और अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। ठाकरे ने ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पालघर के जिलाधिकारियों से भी बात की।

Tags:    

Similar News