चिंतन शिविर के बाद एक्शन में कांग्रेस, प्रियंका गांधी की मौजूदगी में हुई बैठक में लिया बड़ा फैसला

नई दिल्ली में आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी में एक बैठक हुई, जिसमें पार्टी के कई सीनियर नेता शामिल हुए। बैठक में कांग्रेस संगठन में हर स्तर पर युवाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया।

Written By :  Krishna Chaudhary
Published By :  Deepak Kumar
Update:2022-05-17 16:51 IST

Congress Meeting: लगातार मिल रही चुनावी शिकस्तों से जर्जर हो चुकी कांग्रेस (Congress) में नई जान फूंकने की कवायद शुरू कर दी गई है। उदयपुर में तीन दिनों तक चली चिंतन शिविर के बाद देश की सबसे पुरानी पार्टी अब एक्शन में नजर आ रही है। नई दिल्ली में आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Congress General Secretary Priyanka Gandhi) की मौजूदगी में एक बैठक हुई, जिसमें पार्टी के कई सीनियर नेता शामिल हुए। बैठक में कांग्रेस संगठन में हर स्तर पर युवाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया। इसे जल्द से जल्द लागू किया जाएगा।

ऐसे नेताओं को किया जाएगा पदमुक्त

कांग्रेस महासचिव अजय माकन (Congress General Secretary Ajay Maken) ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के नेता जल्द ही राज्यों के दौरे पर जाएंगे और ऐसे नेताओं की पहचान की जाएगी जो किसी एक पद पर बीते पांच साल या उससे अधिक समय से काबिज हैं। ऐसे नेताओं को तुरंत पदमुक्त किया जाएगा। इस दौरान ऐसे नेताओं की भी पहचान की जाएगी, जिनके पास फिलहाल दो पद हैं। एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत पर चलते हुए फौरन इसपर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कांग्रेस में रिक्त पड़े सभी पदों पर नियुक्तियां की जाएगी। माकन ने बताया कि बीजेपी की राजनीति को टक्कर देने के लिए कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकालेगी। 9 अक्टूबर से आजादी के 75वें साल के उपलक्ष्य में पदयात्रा निकाली जाएंगी।

नेताओं के काम का होगा आकलन

राजनीतिक जानकार कांग्रेस की बदहाली की स्थिति पर कहते हैं कि फिलहाल कांग्रेस में कार्यकर्ता कम हैं और नेता अधिक हैं। संगठन में ऐसे नेताओं की भरमार है, जो पार्टी के लिए संपत्ति के बदले दायित्व की तरह है। ऐसे में ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने अब अपने सभी नेताओं के प्रदर्शन का आकलन करने का निर्णय लिया है। अब पार्टी महासचिवों समेत सभी पदाधिकारियों के कामों का आकलन होगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही कांग्रेस अपने संचार विभाग को भी नए सिरे से पुनर्गठित करेगी।

कल फिर होगी बैठक

दरअसल कांग्रेस अब समझ चुकी है कि अब नहीं तो कभी नहीं। पार्टी ने जल्द से जल्द अपने अंदर जरूरी बदलाव नहीं लाए, तो उसके अस्तित्व पर संकट मंडरा सकता है। पार्टी को बीजेपी के अलावा उन विपक्षी पार्टियों से भी खतरा है, जो उसकी जगह हथियाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार यानि कल दिल्ली में कांग्रेस महासचिवों और प्रभारियों की एक बैठक होनी है।

Tags:    

Similar News