औरंगजेब का इतिहास... अबू आजमी की कसीदों पर राम नगरी सांसद का रोचक बयान, BJP बोली: ये दीवाने हैं
Abu Azmi Statement on Aurangzeb: अबू आजमी की इस टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी ने जवाब भी दिया।;
Abu Azmi: महाराष्ट्र से लेकर उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों तक औरंगजेब के तारीफ में पढ़े गए कसीदों पर बवाल मचा है। महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने औरंगजेब की जमकर तारीफ की। कहा, मैं 17वीं सदी के मुगल बादशाह औरंगजेब को क्रूर, अत्याचारी या असहिष्णु शासक नहीं मानता। इन दिनों फिल्मों के माध्यम से मुगल बादशाह की विकृत छवि बनाई जा रही है। इस पर राजनीतिक पार्टियां अबू आजमी और सपा पर जमकर प्रहार कर रही हैं।
सपा नेता और महाराष्ट्र के विधायक अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफ में कहा कि ये सच है कि औरंगजेब के समय में भारत सोने की चिड़िया था। औरंगजेब ने 52 साल तक राज किया, और अगर वह वाकई हिंदुओं को मुसलमान बना रहा था - तो सोचिए कितने हिंदुओं ने धर्म परिवर्तन किया होगा। अगर औरंगजेब ने मंदिर तोड़े थे, तो उसने मस्जिदें भी तोड़ी थीं। आगे उन्होंने कहा कि मैं 17वीं सदी के मुगल बादशाह औरंगजेब को क्रूर, अत्याचारी या असहिष्णु शासक नहीं मानता। इन दिनों फिल्मों के माध्यम से मुगल बादशाह की विकृत छवि बनाई जा रही है। अबू आजमी की इस टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी ने जवाब भी दिया। इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। महाराष्ट्र में लोगों ने अबू आजमी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता ने हिंदू राजाओं को बताया क्रूर
वहीं कांग्रेस नेता डॉ उदित राज ने कहा कि मैं अबू आजमी के बयान का समर्थन करता हूं। उन्होंने कुछ गलत नहीं बोला है। औरंगजेब ने मस्जिद भी तोड़ी थी। राजा लोग एक-दूसरे को प्रताड़ित करते ही थे। बड़े राजा छोटे को प्रताड़ित करते थे। सिर्फ एक राजा को टारगेट करना गलत है हिन्दुओं में भी क्रूर राजा हुए। सिर्फ औरंगजैब को ही टारगेट क्यों किया जा रहा है?
अयोध्या के सांसद ने पढ़ाया इतिहास का पाठ
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सपा नेता और महाराष्ट्र के विधायक अबू आज़मी के औरंगज़ेब वाले बयान के परिणामस्वरूप महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की प्रतिक्रिया पर कहा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री को इतिहास की कोई जानकारी नहीं है और अगर उन्हें इतिहास की जानकारी होती तो वे ऐसा बयान नहीं देते। समाजवादी पार्टी हमेशा समाज को जोड़ने और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान को बचाने की बात करती है। उन्हें(एकनाथ शिंदे) औरंगजेब का इतिहास पढ़ना चाहिए।
भाजपा ने कहा- दीवाने हैं
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा के नेता अबू आज़मी के औरंगज़ेब वाले बयान पर कहा, सपा के सभी नेता औरंगज़ेब के दीवाने हैं। ऐसे बयान अस्वीकार्य हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान देश बर्दाश्त नहीं कर सकता। अखिलेश यादव को अबू आज़मी के खिलाफ़ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, भोपाल और मध्य प्रदेश की पहचान हमारे वीर शासकों से रही है। ऐसे में सम्राट विक्रमादित्य ने चक्रवर्ती सम्राट की तरह शासन किया। हमारी सरकार ने तय किया है कि राजधानी के गौरवशाली अतीत को सामने लाने की आवश्यकता है। राजधानी के प्रमुख मार्गों पर ऐसे राजाओं के नाम से द्वार बनाए जाएंगे जिससे हमारा गौरवशाली इतिहास हमें पुनः उस दौर में ले जाए।
महाराष्ट्र में विरोध प्रदर्शन जारी
सपा नेता अबू आजमी के औरंगजेब पर दिए बयान के बाद विवाद बढ़ गया है। महाराष्ट्र के ठाणे में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया। देशद्रोह का आरोप लगाया गया है। भाजपा, एनसीपी और शिवसेना से मिलकर बनी महायुति के नेताओं ने समाजवादी पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के विधायक अबू आज़मी के औरंगज़ेब वाले बयान के खिलाफ़ प्रदर्शन किया। राज्य विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन जारी है। लोगों की मांग है कि आजमी माफी मांगे।