मध्यप्रदेश में कांग्रेस का बड़ा विकेट गिराने की तैयारी, अर्जुन सिंह के बेटे ने की भाजपा नेताओं से मुलाकात

Madhya Pradesh Politics : भाजपा की ओर से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह को तोड़ने की तैयारी है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Shraddha
Update: 2021-09-25 07:27 GMT

अजय सिंह (फाइल फोटो - सोशल मीडिया)

Madhya Pradesh Politics : मध्य प्रदेश में कांग्रेस (Congress) को जल्द ही बड़ा झटका लग सकता है। भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने कांग्रेस का बड़ा विकेट गिराने की तैयारी कर ली है। जल्द ही इसे अंजाम दिया जा सकता है। भाजपा की ओर से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह को तोड़ने की तैयारी है। अजय सिंह ने हाल के दिनों में मध्य प्रदेश भाजपा के दो बड़े नेताओं से मुलाकात की है। अजय सिंह (Ajay Singh) इन मुलाकातों के बाद से ही प्रदेश के कांग्रेस नेताओं में बेचैनी दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेताओं से अजय सिंह की वार्ता संतोषजनक रही है ।माना जा रहा है कि वे जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

जल्द ही भाजपा में शामिल होने की अटकलें

जानकार सूत्रों का कहना है कि अजय सिंह कांग्रेस की गतिविधियों में इन दिनों काफी निष्क्रिय बने हुए हैं। वे कई मुद्दों को लेकर पार्टी नेतृत्व से नाराज बताए जा रहे हैं। अजय सिंह की नाराजगी को अब उनके दलबदल की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक हाल के दिनों में अजय सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय और मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात की है।

इन मुलाकातों के बाद अजय सिंह के जल्द ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि अजय सिंह ने अभी तक इस मुद्दे पर कुछ भी खुलकर नहीं कहा है। मीडिया की ओर से इस बाबत सवाल पूछे जाने पर वे गोलमोल जवाब देकर सवाल को टालने की कोशिश करते हैं।

भाजपा को मिलेगा बड़ा सियासी फायदा

यदि भाजपा अजय सिंह को तोड़ने में कामयाब रही तो उसे बड़ा सियासी फायदा होने की बात बताई जा रही है। दरअसल विंध्य क्षेत्र की करीब डेढ़ दर्जन सीटों पर अजय सिंह का काफी प्रभाव माना जाता है। अजय सिंह के भाजपा में शामिल होने की स्थिति में इन सीटों पर भाजपा पहले से और मजबूत हो जाएगी जबकि कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं को बड़ा झटका लगेगा।

पिछले दिनों अजय सिंह ने मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात के दौरान विभिन्न मुद्दों पर गहराई से चर्चा की थी। उस समय भी अजय सिंह के सियासी भविष्य को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। उस समय अजय सिंह के करीबी लोगों का कहना था उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों के संबंध में नरोत्तम मिश्रा से चर्चा की है।

जन्मदिन पर पहुंचे भाजपा के दो बड़े नेता

गुरुवार को अजय सिंह के जन्मदिन के मौके पर नरोत्तम मिश्रा अपना पूरा काफिला लेकर उनके घर पर पहुंचे थे। अजय सिंह को जन्मदिन की बधाई देने के बहाने थोड़ी ही देर में उनके घर पर कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंच गए। भाजपा के इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के कांग्रेस नेता के आवास पर पहुंचने से कार्यक्रम स्थल पर काफी सियासी सरगर्मी दिखी। हालांकि इस बाबत सवाल पूछे जाने पर अजय सिंह का कहना था कि जन्म दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें बधाई देने के लिए काफी संख्या में लोग आए थे। उनका कहना था कि नरोत्तम मिश्रा केवल भ्रम पैदा करने के लिए बधाई देने के बहाने पहुंचे थे।


अर्जुन सिंह के बेटे ने अजय सिंह ने की भाजपा नेताओं से मुलाकात (फोटो - सोशल मीडिया)


 उपेक्षा से नाराज हैं अजय सिंह

दूसरी ओर जानकारों का कहना है कि अजय सिंह कोई नई सियासी खिचड़ी पकाने में जुटे हुए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का उनके आवास पर पहुंचना अकारण नहीं था। अजय सिंह को विंध्य क्षेत्र का मजबूत नेता माना जाता रहा है । मगर पिछले तीन चुनावों में हार के बाद उनकी पकड़ कमजोर हुई है।

पिछले दिनों उनके विरोध के बावजूद भिंड के राकेश चतुर्वेदी की गुपचुप तरीके से पार्टी में वापसी करा दी गई। 2018 के विधानसभा चुनाव में विंध्य क्षेत्र में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था जिसकी वजह से अजय सिंह को पार्टी में ज्यादा तरजीह नहीं मिल रही है। ऐसे में वे पार्टी से नाराज बताए जा रहे हैं। इसी कारण भाजपा की ओर से अजय सिंह पर डोरे डाले जा रहे हैं, जिसका नतीजा जल्द ही सामने आ सकता है।

Tags:    

Similar News