Punjab Election 2022: चन्नी और सिद्धू के मतभेदों से कांग्रेस की दूसरी सूची अटकी,31 सीटों पर फंसा हुआ है पेंच

विवाद को सुलझाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से एक सब कमेटी का गठन किया गया है मगर फिर भी अभी तक 31 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम नहीं तय किए जा सके हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Divyanshu Rao
Update:2022-01-23 16:29 IST
नवजोत सिंह सिद्धू और चरणजीत सिंह चन्नी की तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)

Punjab Election 2022: पंजाब में विधानसभा की 117 सीटों के लिए कांग्रेस की ओर से 86 उम्मीदवारों की सूची जारी की जा चुकी है मगर 31 सीटों पर टिकटों को लेकर पैदा हुए विवाद के कारण अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है। इन सीटों पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से अलग-अलग उम्मीदवारों की पैरवी की जा रही है और इस कारण कांग्रेस की दूसरी सूची अभी तक अटकी हुई है।

विवाद को सुलझाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से एक सब कमेटी का गठन किया गया है मगर फिर भी अभी तक 31 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम नहीं तय किए जा सके हैं। जानकार सूत्रों के मुताबिक दूसरी सूची में कई विधायकों के टिकट काटने की तैयारी है और इस कारण इस सूची पर अभी तक सहमति नहीं बन सकी है।

अलग-अलग नामों की पैरवी

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की शनिवार को हुई बैठक के दौरान ही स्क्रीनिंग कमेटी से बाकी 31 सीटों पर उम्मीदवारों का एक-एक नाम फाइनल करने को कहा गया मगर अभी तक उम्मीदवारों के नाम तय नहीं किए जा सके हैं।

जानकार सूत्रों का कहना है कि उम्मीदवारों की सूची पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धू के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। प्रदेश कांग्रेस के एक और वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ की ओर से भी अलग उम्मीदवारों की वकालत की जा रही है। राज्य के इन नेताओं के बीच पैदा हुए मतभेद के कारण सूची पर अंतिम फैसला नहीं किया जा सका है।

चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू की तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)

कांग्रेस की ओर से जारी पहली सूची में 86 उम्मीदवारों के नाम थे मगर दूसरी सूची का तभी से बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। बाकी सीटों पर एक से अधिक दावेदार जोर लगाए हुए हैं। इनमें से 13 सीटों पर पार्टी ने पिछले चुनाव में जीत हासिल की थी। इनमें से कुछ विधायकों का टिकट काटना भी पार्टी नेतृत्व के लिए मुश्किल साबित हो रहा है।

सोनिया ने किया समिति का गठन

इस बीच टिकटों का विवाद सुलझाने के लिए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से एक सब कमेटी का गठन किया गया है। इस सब कमेटी में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ अजय माकन और अंबिका सोनी को सदस्य बनाया गया है। इस समिति को पंजाब के नेताओं के साथ बातचीत करके उम्मीदवारों के नाम तय करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी की ओर से घोषित पहली सूची में भी कई नेताओं के टिकट काटे गए हैं और नाराज नेताओं को मनाने में भी पार्टी नेतृत्व को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी पंजाब चुनाव में पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरना चाहती है। इसलिए सूची को अंतिम रूप देने में काफी मशक्कत की जा रही है। पहली सूची आने के बाद भी पार्टी में बगावती सुर सुने जा रहे हैं और अब पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र को लेकर भी मतभेद सामने आ रहे हैं।

कैप्टन ने 22 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

इस बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के 22 उम्मीदवारों की पहली सूची आज जारी कर दी। कैप्टन ने पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी अकाली दल संयुक्त के साथ गठबंधन किया है। इस गठबंधन में कैप्टन की पार्टी को 37 सीटें मिली हैं। कैप्टन     की ओर से घोषित 22 उम्मीदवारों की पहली सूची में उनका भी नाम शामिल है। कैप्टन एक बार फिर अपने गढ़ माने जाने वाले पटियाला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

Tags:    

Similar News