Rajasthan Budget 2023: जनवरी को गहलोत सरकार का बजट सत्र घोषित, विपक्ष करेगा हंगामा

Gehlot Government Budget Session: राजस्थान की 15वीं विधान सभा का आठवां सत्र 23 जनवरी को होना तय हुआ है। बजट सत्र से पहले राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से गहलोत और अन्य मंत्रियों का वन टू वन हुआ। जिसमें बजट को लेकर लम्बी चर्चा हुई। इससे पहले बुधवार को कांग्रेस का अधिवेशन भी बुलाया गया जिसमें रंधावा ने बजट सम्बन्धी फीडबैक लिया।

Newstrack :  Bodhayan Sharma
Update: 2022-12-30 02:49 GMT

Gehlot Government Budget Session

Gehlot Government Budget Session: जयपुर। राजस्थान की 15वीं विधान सभा का आठवां सत्र 23 जनवरी को होना तय हुआ है। बजट सत्र से पहले राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से गहलोत और अन्य मंत्रियों का वन टू वन हुआ। जिसमें बजट को लेकर लम्बी चर्चा हुई। इससे पहले बुधवार को कांग्रेस का अधिवेशन भी बुलाया गया जिसमें रंधावा ने बजट सम्बन्धी फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार देर शाम राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात करने राजभवन पहुंचे। राज्यपाल कलराज मिश्र से कई मुद्दों पर बातचीत हुई, पर इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने 23 जनवरी 2023 को विधानसभा के बजट सत्र की घोषणा की। राज्यपाल से हुई चर्चा में राष्ट्रपति के राजस्थान दौरे पर भी विचार – विमर्श किया गया। राष्ट्रपति के प्रवास के समय के कार्यक्रम और उनकी सुरक्षा के बारे में राज्यपाल ने जाना।

किन किन मुद्दों पर हुई गहलोत – मिश्र की चर्चा

मुलाक़ात में सबसे पहले राष्ट्रपति के राजस्थान प्रवास की व्यवस्थाओं पर बात चली। इसके बाद कोटा में एक के बाद एक हो रही छात्रों की आत्महत्याओं पर राज्यपाल ने चिंता जताई और जल्दी ही इस गहन समस्या का समाधान ढूंढने पर कहा। राज्यपाल ने होस्टल व कोचिंग संस्थाओं पर नियन्त्रण, छात्रों की मानसिकता और उन पर पढाई को लेकर दबाव कम करने, साप्ताहिक / नियमित अवकाश, तनाव रहित वातावरण, छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की सलाह दी। कौशल विश्वविद्यालय अधिनियम के संशोधन की बातचीत पर दोनों एकमत दिखाई दिए।

पेपर लीक काण्ड पर भी बोले मिश्र

राज्यपाल ने राज्य में होने वाले पेपर लीक पर भी चिंता जाहिर की। मिश्र ने पेपर लीक गिरोह के मुख्य सरगना को जल्दी पकड़ने और अभ्यर्थियों के फिर से एग्जाम करवाने के लिए कहा। परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित करने और लोक सेवा के लिए होने वाले चयन की प्रक्रिया को भी पारदर्शी करने के निर्देश दिए। मिश्र ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से लाखों लोगों के सपने टूटते हैं। उनके परिवार की उम्मीदें टूटती हैं। इसको लेकर थोड़ी सख्ती दिखाएँ और इसमें शामिल सभी आरोपियों को सजा मिले।

इस बार के सत्र में होगा हंगामा

23 जनवरी को होने वाले विधानसभा सत्र में बजट पर चर्चा होगी। विपक्ष गहलोत सरकार में होने वाले पेपर लीक काण्ड को भी मुद्दा बनाता नज़र आ सकता है। क्योंकि पेपर लीक काण्ड के बाद यही वो समय होगा जब पक्ष और विपक्ष आमने सामने होंगे। सदन में हंगामा होने की पूरी आशंका जताई जा रही है। राज्यपाल की अनुमति के बाद सत्र 23 जनवरी 2023 को होना तय हुआ है। बजट की बची हुई तैयारियां तब तक पूरी कर ली जाएंगी और सरकार के इस आखिरी बजट में राजस्थान की जनता के लिए लुभावनी घोषणाएं होने की उम्मीद है। उम्मीद है इसी बजट में सिलेंडर सस्ते होने की घोषणा करेंगे। जो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के सामने अशोक गहलोत ने की थी।

Tags:    

Similar News