Rajasthan: भारत जोड़ो यात्रा के जाते ही राजस्थान में सियासी दंगल शुरू, गहलोत पर कांग्रेस MLA ने ही लगाए आरोप

Rajasthan: राजस्थान कांग्रेस के बायतु से विधायक हरीश चौधरी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर बयान दिया है।

Newstrack :  Network
Update: 2022-12-23 16:08 GMT

अशोक गहलोत पर हरीश चौधरी ने लगाए आरोप

Rajasthan: राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस में आपसी बयानों पर शांति बनी हुई थी। पर जैसे ही यात्रा ने राजस्थान की सीमा पार की, वैसे ही बयानों का दंगल फिर से शुरू हो गया। राजस्थान में कांग्रेस आलाकमान की तरफ से एक घोषणा की गयी थी कि अगर किसी भी कांग्रेसी विधायक या नेता को बयानबाजी करते पाया गया तो उसके खिलाफ आंतरिक कार्रवाई होगी। राजनैतिक विद्वानों ने कहा, ये शान्ति तब तक ही है जब तक यात्रा राजस्थान में है। ये बात सच भी होती दिखाई दे रही है।

हरीश चौधरी ने सूबे के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बनाया निशाना

राजस्थान कांग्रेस के बायतु से विधायक और पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने इस दंगल की शुरुआत की है। शुरुआत में ही चौधरी ने सबसे पहला निशाना सूबे के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बनाया है। हरीश चौधरी ने एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गहलोत की बात करते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस और भाजपा के अलावा एक तीसरी पार्टी है, जो पूरी तरह से गहलोत द्वारा प्रायोजित है। तीसरी पार्टी का नाम हरीश चौधरी ने पूरे वक्तव्य में नहीं लिया। पर जानकारों की मानें तो हरीश चौधरी जिस तीसरी पार्टी की तरफ इशारा कर रहे हैं वो हनुमान बेनीवाल की आर एल पी यानी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी है।

हरीश चौधरी ने क्या और क्यों कहा?

राजनीति में एक दुसरे के धुर विरोधी माने जाने वाले हरीश चौधरी और हनुमान बेनीवाल एक दुसरे को ले कर हमेशा से तीखे बयान देते आए हैं। हालांकि इस बार हरीश चौधरी ने हनुमान बेनीवाल या उनकी पार्टी का जिक्र नहीं किया। बाड़मेर में एक कार्यक्रम के दौरान भाषण देते हुए चौधरी ने गहलोत के लिए ये बयान दिए, चौधरी ने कहा कि, "राजस्थान में कांग्रेस और भाजपा जैसी राष्ट्रीय पार्टियों के अलावा तीसरी पार्टी हमारे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा प्रायोजित है। यह बात मैं बड़ी इमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूँ, कि वो हमारे सीएम की पार्टी है।"

हनुमान बेनीवाल और हरीश चौधरी का विवाद

राजनैतिक विरोधी हनुमान बेनीवाल और हरीश चौधरी का मामला सिर्फ भाषणों में एक दूसरे पर आरोप लगाने भर का ही नहीं है। हनुमान बेनीवाल पर बायतु में हुए हमले के लिए हरीश चौधरी और उनके भाई समेत 15 लोगों पर मामला दर्ज है। इस बात पर बेनीवाल ने कई बार टिप्पणियां भी की है। बेनीवाल ने हरीश चौधरी का नाम लेते हुए कहा कि इस उन पर ये हमला चौधरी ने ही उन पर करवाया था। बेनीवाल पर हमले के बाद संसद ने इस मामले में दखल दिया, इसके बाद हरीश चौधरी पर मामला दर्ज हुआ।

राजस्थान में आपसी लड़ाई जारी रहेगी?

राजस्थान में कांग्रेस की आपसी लड़ाई नयी नहीं है। परन्तु हरीश चौधरी के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। इस बयान को इस तौर पर भी देखा जा रहा है कि हरीश चौधरी ने खेमा बदल लिया है। अभी इस बयान पर किसी का कोई जवाब नहीं आया है। परन्तु यात्रा के बाद इस बयान को महज़ शुरुआत माना जा रहा है। अभी यह आंतरिक कलह की राजनीति कई रंग दिखा सकती है। भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेसी विधायकों और नेताओं की शान्ति को तूफ़ान से पहले की शांति भी माना जा रहा है। अभी जैसे जैसे चुनाव नजदीक आएँगे वैसे - वैसे विवादों का बढ़ना तय है।

Tags:    

Similar News