Rajasthan Election 2023: पीएम मोदी ने गहलोत पर साधा निसाना, बोले-कुछ लोग खुद को जादूगर कहते हैं, अब जनता बोल रही 3 दिसंबर, कांग्रेस छू-मंतर

Rajasthan Election 2023 : राजस्थान के भरतपुर में पीएम मोदी ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग खुद को जादुगर कहते हैं। उन्हें अब जनता कह रही है तीन दिसंबर कांग्रेस छू-मंतर।

Update: 2023-11-18 10:22 GMT

PM Narendra Modi and CM Ashok Gehlot (Pic: Social Media)

Rajasthan Election 2023: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो चुकी है। अब राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को वोटिंग होनी है। भाजपा और कांग्रेस समेत सभी दलों की नजरें अब राजस्थान पर टिकी हुई हैं। चुनाव प्रचार जोरों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के भरतपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस रैली से पीएम मोदी ने भरतपुर संभाग की 19 सीटों को साधने का प्रयास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग खुद को जादूगर कहते हैं। उन्हें अब जनता कह रही है ‘3 दिसंबर कांग्रेस छू-मंतर‘। बता दें कि राजस्थान की 200 विधासभा सीटों में से 199 सीटों पर 25 नवंबर को एक ही चरण में चुनाव होना है। बता दें कि एक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार के निधन हो जाने के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है। यहां बाद में चुनाव होगा। इस समय जमकर चुनाव प्रचार किए जा रहे हैं। सत्ताधारी कांग्रेस हो या फिर बीजेपी समेत दूसरी पार्टियां सभी फुल एक्शन मोड पर हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने-अपने जीत का दावा कर रही हैं।

कांग्रेस जहां भी जाती है बर्बादी लाती है

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में बीते पांच वर्ष में हुआ क्या? यहां की बर्बादी के पीछे कौन है? कांग्रेस ने राजस्थान को गरीबी, अपराध और दंगों में अग्रणी बना दिया है। उन्होंने कहा कि जनता कह रही है जादूगर जी को नहीं मिले वोट जी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए तुष्टिकरण ही सब कुछ है। जनता के जीवन को दांव पर लगाकर भी कांग्रेस तुष्टिकरण करती है। कांग्रेस की जिम्मेदारी थी कि आम जनता के जान माल की सुरक्षा करे, लेकिन बीते पांच वर्षों में दलितों और महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुआ। हनुमान जयंती हो या होली कोई भी त्योहार शांति से नहीं मना पाए। कर्फ्यू, दंगे यही सब चलता रहा। कांग्रेस जहां भी आती है बर्बादी लाती है। वहां आतंकवाद और गुंडागर्दी, अपराध बेलगाम हो जाता है।

गिरी हुई है कांग्रेस की सोच

पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी हमला किया। अशोक गहलोत को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि जो मुख्यमंत्री कहे कि महिलाएं रेप के फर्जी मामले दर्ज करवाती हैं, वो क्या महिलाओं की सुरक्षा करेगा। ये कांग्रेस के नेताओं को हो क्या गया है... ऐसे जादूगर को क्या एक मिनट भी कुर्सी पर रहने का हक है क्या? अब उनकी विदाई होनी चाहिए की नहीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को लेकर कांग्रेस की सोच कितनी गिरी हुई है, ये उनके बयान से पता चलता है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक मंत्री ने कहा कि रेप इसलिए हो रहा क्योंकि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। कांग्रेस के नेताओं को ऐसी सोच के लिए डूब मरना चाहिए। यहां के मर्द बहन-बेटियों की इज्जत को बचाने के लिए पीछे नहीं हटते। कांग्रेस के जादूगर के प्रिय मंत्री को ऐसे बयान के लिए शर्म आनी चाहिए।

भारत का डंका दुनिया में बज रहा

पीएम मोदी ने कहा कि हम दुनिया की पांचवें नंबर की आर्थिक ताकत बन गए हैं। बहुत जल्द हम तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेंगे। साथ ही चंद्रयान को लेकर कहा कि चंद्रयान वहां पहुंचा जहां कोई देश पहुंच नहीं पाया। जी-20 को एक उपलब्धि के तौर पर बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत में जी-20 का सफलता पूर्वक आयोजन हुआ। इससे देश ही नहीं बल्कि दुनिया में भी भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी कुछ मोदी के कारण नहीं बल्कि आपके एक वोट के कारण हो रहा है। आपके एक वोट ने दिल्ली में स्थिर सरकार बनाई, इसलिए भारत हर जगह जीत रहा है। पीएम मोदी ने जनता से भाजपा की सरकार बनाने की अपील की। राजस्थान में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही है।

Tags:    

Similar News