Rajasthan Paper Leak: शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला के घर लगाया ताला, सड़क से सोशल मीडिया तक छात्रों का रोष

Rajasthan Paper Leak: राजस्थान में सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने पर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राज्य शिक्षा मंत्री बी डी कल्ला के दरवाजे पर ताला लगाया।

Newstrack :  Network
Update: 2022-12-25 01:57 GMT

राजस्थान पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला के घर लगाया ताला, सड़क से सोशल मीडिया तक छात्रों का रोष: Photo- Social Media

Rajasthan Paper Leak: राजस्थान में शनिवार को सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा (senior teacher recruitment exam) के पेपर लीक होने और परीक्षा रद्द होने पर परीक्षर्थियों का गुस्सा सड़क से सोशल मीडिया तक दिखाई दे रहा है। बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राज्य शिक्षा मंत्री बी डी कल्ला के दरवाजे पर ताला लगाया और नारेबाजी की। एक्शन में आई पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया, इसके लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।

राजस्थान में सीनियर टीचर परीक्षा का पेपर लीक होने और परीक्षा के रद्द होने का मामला तूल पकड़ चुका है। प्रदेश भर में परीक्षार्थी सडकों पर आ कर नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री बी डी कल्ला के घर के बाहर गुस्साए भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और परीक्षार्थियों ने ताला जड़ दिया। वहां पर सड़क जाम करने का प्रयास भी किया गया। पंरतु पुलिस दस्ते के वहां पहुँचने के बाद सभी को वहां से घसीट घसीट कर हटाया गया। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को बल का प्रयोग भी करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे 6 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

ट्विटर पर ट्रेंड : पेपर लीक गहलोत वीक

राजस्थान में पेपर लीक होना एक प्रथा ही बन गया है। लाखों अभ्यर्थियों की उम्मीदों और मेहनत पर हर बार पानी फिर जाता है। इस बार वो सभी मिल कर विरोध कर रहे हैं। इस विरोध की एक तस्वीर ट्विटर और सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही है। शनिवार को पेपर लीक होने के बाद ट्विटर पर कुछ हैशटैग्स ट्रेंड करने लगे हैं। ट्विटर पर लगातार ट्रेंड होने वाले हैशटैग्स हैं : #PaperLeakGehlotWeak, #RPSC, गहलोत सरकार, राजस्थान सरकार, शिक्षा मंत्री।

इसके अलावा एक्टिव सोशल मीडिया के लोग सरकार को जमकर कोस रहे हैं। मीम आर्मी भी अलग अलग तरह के मीम बना कर सोशल मीडिया पर शेयर कर रही है। इतना ही नहीं अब व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लोग इस घटना पर रोष जाहिर कर रहे हैं।

गहलोत का पुतला फूंका, बेनीवाल की पार्टी का आरयू के सामने प्रदर्शन

शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर आउट होने के बाद हनुमान बेनिवाली की राष्ट्रीय लोकतान्त्रिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल चौधरी, युवा मोर्चा प्रदेशअध्यक्ष रणदीप चौधरी, प्रदेश महामंत्री छुट्टन यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रवण चौधरी और अन्य साथियों ने मिल कर राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंका। पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग के साथ साथ आरपीएससी के चेयरमैन को बर्खास्त करने तथा शिक्षा मंत्री के त्याग पत्र की मांग को लेकर ये प्रदर्शन किया गया।

Tags:    

Similar News