Rajasthan Politics: रेप आरोपी के मंत्री पिता पर इस्तीफे का दबाव बढ़ा, कांग्रेस नेता ही खड़े करने लगे सवाल

Rajasthan Politics: अशोक गहलोत सरकार में मंत्री के बेटे पर रेप का मामला दर्ज हुआ है, जिसके बाद मंत्री पर इस्तीफे का दबाव बढ़ने लगा है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Shreya
Update: 2022-05-10 16:53 GMT

महेश जोशी (फाइल फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Rajasthan Politics: राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) और डिप्टी सीएम सचिन पायलट (Sachin Pilot) में चल रही खींचतान के बीच ताकतवर मंत्री महेश जोशी (Mahesh Joshi) के बेटे रोहित जोशी (Rohit Joshi) के खिलाफ रेप का मामला सियासी रूप से गरमा गया है। अब कांग्रेस (Congress) के नेता ही इस मामले को गंभीर बताते हुए सवाल खड़े करने लगे हैं। पार्टी के अपनों की ओर से ही सवाल उठाए जाने के बाद मंत्री महेश जोशी पर इस्तीफे का दबाव बढ़ने लगा है।

हालांकि जोशी के करीबी उनके इस्तीफा देने की संभावनाओं से इनकार कर रहे हैं मगर पार्टी की महिला विधायक दिव्या मदेरणा (Divya Maderna) ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करके उनकी मुसीबत बढ़ा दी है। उन्होंने महेश जोशी के बेटे के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराने वाली पीड़िता को सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की है। जानकारों का मानना है कि मामला गरमाने के बाद महेश जोशी की आगे की सियासी राह मुश्किल होती जा रही है।

गहलोत का रुख तय करेगा सियासी भविष्य

राजस्थान के सियासी हलकों में बेटे के खिलाफ रेप का मामला दर्ज होने के बाद महेश जोशी के इस्तीफे (Mahesh Joshi Resignation) की चर्चाओं ने काफी तेजी पकड़ रखी है। बेटे पर रेप का मुकदमा दर्ज होने के बाद महेश जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात करके अपना पक्ष रखा था। हालांकि अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई। महेश जोशी के करीबी उनके इस्तीफे की संभावनाओं को खारिज कर रहे हैं मगर जानकारों का मानना है कि जोशी मुख्यमंत्री गहलोत के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। इस मामले में गहलोत का रुख ही उनकी कुर्सी का भविष्य तय करेगा।

इस मामले को लेकर गहलोत की राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अजय माकन (Ajay Maken) के साथ भी चर्चा हुई है। कांग्रेस के उदयपुर में 13 मई से होने वाले तीन दिवसीय चिंतन शिविर से पहले मंत्री के बेटे के खिलाफ रेप का मामला कांग्रेस की बड़ी मुसीबत बनता दिख रहा है।

विधायक दिव्या मदेरणा (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

कांग्रेस की महिला विधायक ने उठाए सवाल

दूसरी ओर रेप के इस चर्चित मामले को लेकर अब सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी में भी सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा ने राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने राजस्थान के डीजीपी से सवाल किया है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार करने वाले राज्य के पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अभी तक एफआईआर. क्यों नहीं दर्ज की गई? उन्होंने इस मामले में विभागीय जांच कराने और दोषी पुलिस अफसरों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।

उन्होंने कहा कि रेप पीड़िता का घर राजस्थान में होने के कारण पीड़िता और उसके परिजनों को राजस्थान पुलिस की ओर से सुरक्षा भी मुहैया कराई जानी चाहिए। उन्होंने गहलोत सरकार को तो संवेदनशील बताया मगर इस मामले में पुलिस पर निशाना साधने से नहीं चूकीं।

इस बाबत किए गए अपने ट्वीट में कांग्रेस की महिला विधायक ने मंत्री महेश जोशी और उनके बेटे रोहित जोशी का जिक्र तो नहीं किया है मगर इसे मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोलने की कोशिश के रूप में ही देखा जा रहा है। पार्टी की महिला विधायक के सवाल उठाने के बाद महेश जोशी की मुसीबतें और बढ़ गई हैं। विपक्ष पहले ही इस मुद्दे को लेकर गहलोत सरकार पर हमलावर है मगर अब अपने भी सवाल उठाने लगे हैं। अपनों के सवाल उठाने के बाद मंत्री महेश जोशी लगातार घिरते जा रहे हैं।

मंत्री के बेटे से जल्द होगी पूछताछ

रेप पीड़िता की अपील पर दिल्ली पुलिस ने अब इस मामले की खुद अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने राजस्थान पुलिस के दबाव में कोई कार्रवाई न किए जाने की आशंका जताई थी। दिल्ली पुलिस की ओर से जांच शुरू किए जाने के बाद अब पूछताछ के लिए रोहित जोशी को जल्द तलब किए जाने की आशा है।

पीड़िता का आरोप है कि मंत्री पुत्र अपने रसूख के दम पर लंबे समय से उसका यौन शोषण कर रहा था और शिकायत करने के बावजूद राजस्थान पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने अपनी सुरक्षा के प्रति भी खतरे की आशंका जताई है जिसके बाद महिला कांग्रेस विधायक ने उसे सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। मामले के सियासी रूप से लगातार गरमाने के बाद माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जल्द ही इस मामले में बड़ा फैसला ले सकते हैं।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News