Bharat Jodo Yatra: सोनिया गांधी अपने जन्मदिन के अवसर पर बेटे राहुल के साथ भारत जोड़ो यात्रा में होंगी शामिल

Sonia Gandhi in Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी 9 दिसंबर को अपने जन्मदिन के शुभ अवसर पर अपने बेटे राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी।

Written By :  Hema Shrivastava
Update: 2022-12-08 07:31 GMT

Bharat Jodo Yatra (Social media)

Sonia Gandhi in Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी 9 दिसंबर को अपने जन्मदिन के अवसर पर बेटे राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। उम्मीद जताई जा रही है की यात्रा के कोटा चरण में बेटी प्रियंका गांधी और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं।

कोटा शहर के कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और इस यात्रा के कोटा संयोजक रविंद्र त्यागी ने कहा, 'सोनिया गांधी का कार्यक्रम तय हो गया है। पार्टी ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व पीसीसी चीफ सचिन पायलट और वर्तमान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई अन्य नेता भी कोटा में उपस्थित रहेंगे।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नौ दिसंबर को राहुल गांधी की यात्रा कोटा आरटीओ (क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय) से शुरू होगी। इससे पहले भी सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या में यात्रा में शामिल हो चुकी हैं। राजस्थान में सोनिया गांधी की उपस्थिति की प्रासंगिकता यह होगी कि यह कांग्रेस शासित राज्य है जहां अगले साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल की मध्यस्थता से गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम पायलट के बीच चल रही खींचतान फिलहाल दब गई है।

पायलट ने एक वीडियो जारी कर राजस्थान के लोगों को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का निवेदन किया है। इस वीडियो में वह भारत जोड़ो यात्रा टी-शर्ट पहने बच्चों के साथ दौड़ लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि जहां वे रुकते हैं, वहां राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का पोस्टर लगा होता है। इस बड़े होर्डिंग के नीचे खड़े होकर सचिन पायलट संदेश देते हैं, कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में पूरा राजस्थान शामिल हो रहा है, क्या आप आ रहे हैं? भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो रहे लोग राजस्थान में कुल 521 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।

Tags:    

Similar News