Saharanpur News: रुपयों के लेनदेन के विवाद में हुई फायरिंग, रास्ते से गुजर रहा युवक जख्मी

Saharanpur News: पैसों के लेनदेन को लेकर हो रहे विवाद के दौरान हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी के बेटे को गोली लग गई। वो अपनी खेत से पशुओं के लिए चारा लेने जा रहा था।

Update:2023-03-14 03:42 IST

Saharanpur News: दो पक्षों में हो रहे विवाद से पास से गुजरना शहर में एक युवक को भारी पड़ गया। पैसों के लेनदेन को लेकर हो रहे विवाद के दौरान हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी के बेटे को गोली लग गई। वो अपनी खेत से पशुओं के लिए चारा लेने जा रहा था। उसका इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। हालांकि, इलाज के बाद अब उसकी हालात खतरे से बाहर बताई जा रही है।

रास्ते में झगड़ रहे थे दो गुटों के लोग

घटना सहारनपुर जनपद के थाना नकुड क्षेत्र के गांव तिगरी रामगढ़ की है। पुलिसकर्मी का बेटा जब जंगल के रास्ते से गुजर रहा था तो वहां दो गुटों के युवकों में झगड़ा हो रहा था। तभी किसी ने पीछे से गोली चला दी और गोली विकास के कंधे के ऊपरी हिस्से में लगी। वह घायल होकर वहीं गिर गया। विकास को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

दरअसल, घायल युवक के पिता सुभाष अपनी ड्यूटी से घर आए हुए थे तभी उनके बेटे का फोन आ गया कि किसी ने उसको गोली मार दी है। वह अपने रिश्तेदारों के साथ खेत की तरफ भागे। वहां जाकर देखा कि विकास खेत के किनारे पड़ा हुआ था।

मारपीट में दो युवक भी घायल

जानकारी के मुताबिक विकास अपने घर से खेत की ओर पशुओं के लिए चारा लेने गया था, वही जंगल के रास्ते में दो पक्षों में पैसों को लेनदेन को लेकर झगड़ा चल रहा था। दोनों पक्ष के युवकों ने तमंचे और लाठी-डंडे ले रखे थे, जैसे ही विकास उनके पास से खेत की ओर जा रहा था, तभी किसी ने गोली चला दी। जो विकास के बाएं कंधे से ऊपरी हिस्से में जा लगी। इसके अलावा वहां हुई मारपीट में दो युवक भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रिफ़र कर दिया गया। गोली लगने से घायल विकास को तुरंत नकुड सीएचसी ले जाया गया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Tags:    

Similar News