ICC World Cup 2019: आज पहला मैच न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच

वर्ल्ड कप में शनिवार को दो मुकाबले हैं। पहला मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से कार्डिफ के सोफिया गार्डंस पर न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा।

Update:2019-06-01 09:41 IST

नई दिल्ली: वर्ल्ड कप में शनिवार को दो मुकाबले हैं। पहला मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से कार्डिफ के सोफिया गार्डंस पर न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में होने वाले दूसरे मैच में शाम 6 बजे से अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने होंगी।

न्यूजीलैंड की हालिया फॉर्म को देखते हुए श्रीलंका के खिलाफ उसका पलड़ा भारी माना जा रहा है। पिछले एक साल में उसने 14 वनडे खेले हैं। इनमें उसने 8 में जीत हासिल की है, जबकि 5 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच का नतीजा नहीं निकला था।

यह भी देखें... मोदी सरकार के लिए बड़ी चुनौती, 45 सालों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी दर

वनडे में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच अब तक 98 मैच हुए हैं। इनमें से 48 में न्यूजीलैंड की टीम ने जीत हासिल की। श्रीलंका ने 41 मैच जीते। एक मैच टाई रहा, जबकि 8 मुकाबले बेनतीजा रहे। श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी जीत 31 दिसंबर 2015 को हासिल की थी।

तब उसने नेल्सन के मैदान पर न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था। उसके बाद से दोनों के बीच अब तक 5 वनडे हुए। इनमें से 4 में न्यूजीलैंड जीत हासिल करने में सफल रहा। एक मैच का नतीजा नहीं निकला।

सोफिया गार्डंस में न्यूजीलैंड का प्रदर्शन सामान्य रहा है। उसने यहां 6 वनडे खेले। इनमें से 3 जीते और 3 हारे हैं। श्रीलंका यहां एक भी वनडे में जीत हासिल नहीं कर पाया है। न्यूजीलैंड और श्रीलंका दोनों इस मैदान पर पहली बार आमने-सामने होंगे।

यह भी देखें... आवारा गायों पर अंकुश लगाने को लेकर कोर्ट ने सरकार से मांगी रिपोर्ट

न्यूजीलैंड ने 2015 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था। तब से उसने अब तक 77 वनडे खेले हैं। इनमें से उसे 43 में जीत हासिल हुई, जबकि 31 में हार का सामना करना पड़ा। उसने पिछले 5 में से 4 वनडे में जीत हासिल की है।

न्यूजीलैंड की ताकत

रोस टेलर : रोस टेलर के पास 200 से ज्यादा वनडे खेलने का अनुभव। वे तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं। पिछले 10 वनडे में उन्होंने 77 के औसत से 539 रन बनाए हैं।

हेनरी निकोलस : न्यूजीलैंड के इस बल्लेबाज ने अब तक सिर्फ 41 वनडे ही खेले हैं, लेकिन उनकी हालिया फॉर्म शानदार है। उन्होंने 10 वनडे में 46 से ज्यादा के औसत से 371 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी 90 के आसपास है।

ट्रेंट बोल्ट : न्यूजीलैंड के अनुभवी गेंदबाज। उन्होंने अब तक 79 वनडे में 5.07 के इकॉनमी से 147 विकेट लिए हैं। वे पिछले 9 वनडे में 4.33 के इकॉनमी से 19 विकेट ले चुके हैं।

न्यूजीलैंड की कमजोरी

इंग्लैंड में मैच खेलने का ज्यादा अनुभव नहीं : पिछले वर्ल्ड कप के बाद से न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 2 बार इंग्लैंड में खेली है। ऐसे में उसे वहां की परिस्थितियों से तालमेल बैठाने में परेशानी हो सकती है।

श्रीलंका की ताकत

थिसारा परेरा : श्रीलंका के इस ऑलराउंडर के नाम 154 वनडे में 2147 रन और 170 विकेट हैं। पिछले एक साल से भी उनका प्रदर्शन बढ़िया रहा है। इस दौरान उन्होंने 31.16 के औसत से 561 रन और 21 विकेट लिए हैं।

कुशल मेंडिस : कुशल मेंडिस अब तक 63 वनडे खेल चुके हैं। इनमें उनके 1692 रन ही हैं, लेकिन पिछले 10 वनडे से उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने इस दौरान 36 के ज्यादा के औसत से 362 रन बनाए।

लसिथ मलिंगा : श्रीलंका के इस गेंदबाज के पास 200 से ज्यादा वनडे खेलने का अनुभव है। हालांकि, पिछले एक साल में उन्होंने 14 मैच ही खेले हैं। उन्होंने पिछले 10 वनडे में 6.07 के इकॉनमी से 11 विकेट लिए हैं।

यह भी देखें... पदभार संभालने से पहले वॉर मेमोरियल पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

श्रीलंका की कमजोरी

टीम एकजुट नहीं : पिछले 2 साल में श्रीलंका (तीनों फॉर्मेट) के 9 कप्तान बदले हैं। एंजेलो मैथ्यूज और मुख्य कोच चंदिका हाथुरूसिंघा के बीच मतभेद जगजाहिर। पिछले वर्ल्ड कप के बाद से टीम ने 84 वनडे खेले। इनमें से 55 में उसे हार का सामना करना पड़ा। मई 2016 के बाद से श्रीलंका एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं जीता। 2017 में उसे जिम्बाब्वे ने उसे 3-2 से हराया था।

दोनों टीमें

न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), रोस टेलर, टॉम ब्लंडेल, ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डीग्रैंडहोम, लॉकी फर्ग्युसन, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, कॉलिन मुनरो, जेम्स नीशम, हेनरी निकोलस, मिशेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी।

श्रीलंका : दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), कुशल मेंडिस, धनंजय डिसिल्वा, नुआन प्रदीप, अविष्का फर्नांडो, सुरंगा लकमल, लसिथ मलिंगा, एंजेलो मैथ्यूज, जीवन मेंडिस, कुशल परेरा, थिसारा परेरा, मिलिंडा श्रीवर्धना, लाहिरू थिरिमाने, इसुरू उडाना, जेफ्री वांडर्से।

 

Tags:    

Similar News