CWG 2022 Day 9: भारत को मिला एक और रजत पदक, पैदल चाल में प्रियंका ने दिलाया

CWG 2022 Day 9: महिलाओं की 10,000 मीटर पैदल चाल में ऑस्ट्रेलिया की जेमिमा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जेमिमा ने 42.34 मिनट में अपनी रेस पूरी कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया। जबकि भारत की प्रियंका ने अपनी रेस पूरी करने के लिए 43.38 मिनट का समय लिया।

Written By :  Suryakant Soni
Update: 2022-08-06 10:50 GMT

CWG 2022 Day 9: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में शनिवार को भारत के खाते में एक और पदक जुड़ गया। कॉमनवेल्थ गेम्स नौवें दिन की शुरुआत में भारत के कुल 27 पदक हो गए। शनिवार को दस हजार मीटर पैदल चाल में प्रियंका ने रजत पदक जीत लिया है। अब भारत के 9 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक हो चुके हैं। इसके अलावा बॉक्सर नीतू और अमित फाइनल में जगह बनाने में कामयाब हो गए।

ऑस्ट्रेलिया की जेमिमा ने जीता स्वर्ण पदक:

महिलाओं की 10,000 मीटर पैदल चाल में ऑस्ट्रेलिया की जेमिमा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जेमिमा ने 42.34 मिनट में अपनी रेस पूरी कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया। जबकि भारत की प्रियंका ने अपनी रेस पूरी करने के लिए 43.38 मिनट का समय लिया। वहीं इस सूची में तीसरे स्थान पर केन्या की एमिली (43.50 मिनट) रही। प्रियंका के इस रजत पदक के साथ भारत के रजत पदकों की संख्या भी 9 तक पहुंच गई।

भारत के कुल 27 मेडल:

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत के खाते में कुल 27 मेडल आ चुके हैं। जिसमें भारत ने अब तक 9 गोल्ड, 9 सिल्वर और 9 कांस्य पदक जीत लिया है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में पहला पदक संकेत महादेव ने वेटलिफ्टिंग में दिलाया था। वहीं देश के लिए इस बार पहला स्वर्ण पदक मीराबाई चानू ने जीता था। वहीं आठवें दिन कुश्ती में भारत को एक साथ 6 पदक मिले। इसमें तीन स्वर्ण पदक, एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल थे।  

सिर्फ 26 सेकेंड में जीतीं विनेश:

कुश्ती में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा शनिवार को भी जारी रहा। महिला कुश्ती स्पर्धा के 53 किलोग्राम भारवर्ग में विनेश फोगाट ने अपना पहला मुकाबला बड़ी आसानी से जीत लिया। विनेश फोगाट ने सिर्फ 26 सेकेंड में अपनी विरोधी सामंथा स्टेवर्ट को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। ऐसे में अब विनेश फोगाट से भी पदक की उम्मीद बढ़ गई है।   

Tags:    

Similar News