IND vs AFG World Cup 2023: रोहित शर्मा के तूफान में उड़ा अफगानिस्तान, कप्तान ने बना डाले कई रिकॉर्ड, सचिन, कपिल और क्रिस गेल को छोड़ा पीछे

IND vs AFG World Cup 2023: टीम इंडिया ने आज वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने विश्व कप के पहले मैच के दौरान आस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया था।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-10-11 16:32 GMT

 टीम इंडिया ने वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया, रोहित शर्मा ने बनाए कई रिकार्ड: Photo- Social Media

IND vs AFG World Cup 2023: टीम इंडिया ने आज वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने विश्व कप के पहले मैच के दौरान आस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया था। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आज खेले गए मैच के दौरान अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 273 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया ने दो विकेट के नुकसान पर 35 ओवर में ही जीत का टारगेट हासिल कर लिया।

टीम इंडिया की इस जीत में सबसे बड़ा योगदान कप्तान रोहित शर्मा का रहा जिन्होंने 63 गेंद में शतक जड़ने का कमाल दिखाया। उन्होंने 131 रनों की पारी खेली। ईशान किशन ने 47, विराट कोहली ने नाबाद 55 और श्रेयस अय्यर ने नाबाद 25 रनों की पारी खेली। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आज रोहित शर्मा ने आज अपनी पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर डाले।

 Photo- Social Media

रोहित के नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज

रोहित शर्मा ने आज 84 गेंदों पर 131 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने 16 चौके और पांच छक्के जड़ डाले। अफगानिस्तान का कोई भी गेंदबाज रोहित शर्मा के तूफान को रोकने में कामयाब नहीं हो सका। यदि रोहित शर्मा के आज बनाए गए रिकार्ड की बात की जाए तो रोहित शर्मा अब विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं और उन्होंने इस मामले में दिग्गज क्रिकेट सितारे सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही रोहित शर्मा ने कपिल देव का 40 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। रोहित शर्मा अब विश्व कप में भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

उन्होंने आज अफगानिस्तान के खिलाफ सिर्फ 63 गेंदों में शतक जड़ने का कमाल कर डाला। इसके साथ ही रोहित शर्मा अब इंटरनेशनल क्रिकेट में सिक्सर किंग भी बन गए हैं। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है।

सबसे ज्यादा शतक लगाकर सचिन को छोड़ा पीछे

रोहित शर्मा ने आज तूफानी शतक जड़ते हुए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ डाला। सचिन तेंदुलकर ने अपने कॅरियर के दौरान वर्ल्ड कप में छह शतक जड़े थे। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के नाम इस मैच से पहले विश्व कप में कुल छह शतक दर्ज थे। आज सातवां शतक जाते हुए रोहित शर्मा सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर पहले नंबर पर आ गए हैं। रोहित शर्मा ने पिछले वर्ल्ड कप के दौरान 5 शतक जड़ने का कमाल दिखाया था। इस कारण सचिन का रिकॉर्ड टूटना पहले से ही तय माना जा रहा था।

कपिल देव का 40 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

रोहित शर्मा ने आज अपने तूफानी शतक के जरिए टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव का 40 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। अब रोहित शर्मा वनडे विश्व कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। कपिल देव की कप्तानी में भारत ने 1983 में वेस्टइंडीज को हराकर विश्व कप जीतने में कामयाबी हासिल की थी और 1983 विश्व कप के दौरान कपिल देव ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज करा लिया था।

 Photo- Social Media

कपिल देव ने 1983 के वर्ल्ड कप के दौरान 72 गेंदों में शतक लगाकर सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड कायम किया था। रोहित शर्मा ने आज कपिल देव का 40 साल पुराना यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है क्योंकि उन्होंने आज अफगानिस्तान के खिलाफ सिर्फ 63 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया।

इंटरनेशनल क्रिकेट में सिक्सर किंग बने रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने आज सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में नया इतिहास रच दिया है। रोहित शर्मा अब इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित शर्मा ने आज तीसरा छक्का लगाते ही सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि उन्होंने इसके बाद भी दो छक्के जड़ डाले। इंटरनेशनल क्रिकेट यानी टेस्ट, वनडे और टी 20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अभी तक वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम दर्ज था जिन्होंने 553 छक्के लगाने में कामयाबी हासिल की थी।

क्रिस गेल ने 483 मैचों की 551 पारियों में 553 छक्के लगाने में कामयाबी हासिल की थी मगर अब रोहित शर्मा गेल से आगे निकल गए हैं। रोहित शर्मा ने 453 मैचों की 473 पारियों में गेल का यह रिकार्ड ध्वस्त कर दिया है। अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेले जा रहे विश्व कप के वनडे मैच के दौरान रोहित शर्मा ने यह कमाल किया है।

मजे की बात यह है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित शर्मा और गेल ही 550 या उससे अधिक छक्के लगाने में कामयाब हो सके हैं। पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 476 छक्के जड़े थे।


 Photo- Social Media

रोहित शर्मा ने रिकी पोंटिंग को भी पछाड़ा

वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया है। रिकी पोंटिंग ने वनडे में 30 शतक जड़े थे मगर रोहित शर्मा अब उनसे आगे निकल गए हैं। वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का मामले में रोहित शर्मा अब तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज हैं जिन्होंने 49 शतक लगाए थे जबकि विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने अभी तक 47 शतक जड़े हैं।

Tags:    

Similar News