MS Dhoni Retirement: धोनी ने संन्यास पर तोड़ी चुप्पी, IPl की शुरुआत में ही दिया बड़ा बयान

MS Dhoni Retirement: IPL 2025 की शनिवार को काफी धूमधड़ाके के साथ शुरुआत हो गई।;

Update:2025-03-23 14:04 IST
महेंद्र सिंह धोनी (photo: social media )

MS Dhoni Retirement: IPL 2025 की शनिवार को काफी धूमधड़ाके के साथ शुरुआत हो गई। आईपीएल के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स का रविवार को मुंबई इंडियंस के साथ मुकाबला होना है। 

धोनी ने इस सीजन की शुरुआत से पहले अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। क्रिकेट जगत में धोनी के संन्यास को लेकर तमाम चर्चाएं चलती रहती हैं मगर इस बार आईपीएल की शुरुआत के साथ ही धोनी ने अपने संन्यास को लेकर चुप्पी तोड़ी है।


43 साल की उम्र में धोनी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी 

धोनी इस बार आईपीएल का 18वां सीजन खेलने के लिए मैदान में उतर रहे हैं। अपनी कप्तानी में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को कई बार आईपीएल चैंपियन बनाया है। धोनी ने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और उसके बाद से वे सिर्फ आईपीएल में खेलते हुए नजर आते हैं। धोनी का खेल देखने के लिए आईपीएल में दर्शकों का हुजूम उमड़ता रहा है।

पिछले दो-तीन सीजन से हर बार यह चर्चा होती रही है कि धोनी का यह आईपीएल का आखिरी सीजन साबित हो सकता है। पिछले सीजन के दौरान भी इस तरह की अटकलें लगाई गई थीं मगर सीजन खत्म होते-होते धोनी ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया था। धोनी फिलहाल 43 साल के हैं और इस बार आईपीएल में वे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। इस बार भी उन्हें लेकर इस तरह की चर्चाएं सुनी जाती रही हैं।

अभी आगे भी खेलते दिख सकते हैं धोनी 

इस बार आईपीएल सीजन की शुरुआत के साथ हुई धोनी ने अपने संन्यास को लेकर चुप्पी तोड़ी है। जियो हॉटस्टार के साथ एक इंटरव्यू के दौरान धोनी ने अपने संन्यास को लेकर बड़ा बयान दिया है उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के प्रति अपने प्यार को जताते हुए कहा कि यह मेरी टीम है और मैं जब तक चाहूं तब तक सीएसके के लिए खेल सकता हूं। 

उन्होंने कहा कि मैं लंबे समय से इस टीम के लिए खेल रहा हूं और अगर मैं व्हीलचेयर पर भी रहूं तब भी सीएसके मुझे खींच कर ले आएगी। धोनी के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि वे अभी आगे भी सीएसके के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। वैसे 43 साल की उम्र होने के बावजूद धोनी ने अभी तक अपनी फिटनेस को पूरी तरह बनाए रखा है।

गायकवाड़ ने भी दिया धोनी पर बड़ा बयान 

इस बार आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ कर रहे हैं। गायकवाड़ ने भी महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि धोनी को अभी आईपीएल में कई साल और खेलना है। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देते हुए कहा कि 50 साल की उम्र होने के बावजूद सचिन तेंदुलकर काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

ऐसे में मुझे लगता है कि अभी धोनी के लिए कई साल बचे हुए हैं। तेंदुलकर ने अभी हाल में इंटरनेशनल मास्टर लीग में शानदार प्रदर्शन किया था और गायकवाड़ ने सचिन के इस प्रदर्शन की चर्चा की। गायकवाड़ के बयान से भी माना जा रहा है कि अभी धोनी आईपीएल में खेलना जारी रखेंगे और अपने फैंस की उम्मीदों को पूरा करेंगे।

Tags:    

Similar News