Etawah: काउंटर बंद देख भड़के अमरनाथ यात्रा श्रद्धालु, कर्मचारी ने कहा-..तो मुख्यमंत्री जी से स्टाफ मंगवा लीजिए

कार्यालय प्रमुख मीना चतुर्वेदी ने कहा, 'यह काउंटर नहीं खुलेगा, हमारे पास स्टाफ नहीं हैं। आप मुख्यमंत्री जी से स्टाफ मंगवा लीजिए, तभी अमरनाथ यात्रियों का रजिस्ट्रेशन संभव हो पाएगा।

Report :  Sandeep Mishra
Published By :  aman
Update: 2022-04-16 13:14 GMT

amarnath Yatra 

 Etawah: भोले के भक्तों में एक बार फिर जोश और जुनून दिखाई दे रहा है। हो भी क्यों न, 30 जून 2022 से अमरनाथ यात्रा जो शुरू हो रही है। इस यात्रा के रजिस्ट्रेशन (Registration) 11 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। आपको बता दें कि इस यात्रा के लिए श्रद्धालुओं को (Medical Report) सौंपने की अनिवार्यता होती है। इसी के तरह, अमरनाथ यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी अस्पतालों में अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन बोर्ड के साथ पर्चा बनाने के लिए अलग से काउंटर (Counter) खोलने की व्यवस्था की है। 

मगर, आश्चर्य की बात है कि इटावा जिले के अस्पताल में जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई काउंटर नहीं खोला गया है। इसी मुद्दे पर शनिवार को अमरनाथ यात्रा के इच्छुक लोग भड़क गए। जिला अस्पताल में उन्होंने जमकर हंगामा किया।

सरकारी दिशा निर्देश का नहीं हो रहा पालन

दरअसल, इटावा जिला अस्पताल में पुरुषों के विकलांग काउंटर पर अस्पताल प्रशासन की तरफ से एक नोटिस चिपका दिया गया है। प्रशासन ने तो इस नोटिस के साथ अपने कार्य की इतिश्री कर ली। मगर, मेडिकल कराने आये अमरनाथ श्रद्धालुओं और मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा रहा है। बता दें कि, एक ही काउंटर पर बीमार और अमरनाथ यात्रियों के रजिस्ट्रेशन के पर्चे  बनाए जा रहे हैं। इस काउंटर पर श्रद्धालुओं की लंबी भीड़ जुट जाने से बीमार लोगों और तीमारदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नारेबाजी और हंगामा 

इसी कारण शनिवार को अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन और मेडिकल चेकअप करवाने आए लोगों ने जमकर बवाल काटा। जिला अस्पताल में नारेबाजी और हंगामा भी किया। जिस पर अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडल के अध्यक्ष ओम रतन कश्यप ने मरीज पंजीकरण कार्यालय प्रमुख मीना चतुर्वेदी से अमरनाथ यात्रा काउंटर खोले जाने की मांग की।

पंजीकरण कार्यालय प्रमुख ने कहा- 'यह काउंटर नहीं खुलेगा'

मीना चतुर्वेदी से जब ये कहा गया, कि 'मुख्यमंत्री की तरफ से पर्चा बनाने के लिए अलग से अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन काउंटर खोले जाने की व्यवस्था की गई है। इस पर पंजीकरण कार्यालय प्रमुख मीना चतुर्वेदी ने जवाब दिया कि 'यह काउंटर नहीं खुलेगा, हमारे पास स्टाफ नहीं हैं। आप मुख्यमंत्री जी से स्टाफ मंगवा लीजिए, तभी अमरनाथ यात्रियों का रजिस्ट्रेशन संभव हो पाएगा। यदि रजिस्ट्रेशन कराना है तो इसी लाइन में लगना पड़ेगा।'

CMS ने स्थिति को संभाला 

उपरोक्त घटनाक्रम की जानकारी मंडल के अध्यक्ष ने सीएमएस एम.एम.आर्या को दी। काफी मशक्कत के बाद CMS को पंजीकरण कार्यालय आकर स्वयं स्थिति को देखना पड़ा। उन्होंने अमरनाथ यात्रियों को समझाया। जिस पर अमरनाथ यात्रियों ने कहा, 'हम अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ही अपना पर्चा बनवाएंगे। अमरनाथ यात्री अपनी मांग पर अड़े रहे। काफी जद्दोजहद के बाद 1.30 बजे दोपहर में अमरनाथ यात्रा पंजीकरण काउंटर खोला गया। तब तक 200 से अधिक दूर-दराज से आए लोग बिना मेडिकल कराए वापस लौट गए। अमरनाथ यात्रियों में अस्पताल प्रशासन के प्रति काफी रोष है।

कछुआ गति से हो रहे रजिस्ट्रेशन

अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन बोर्ड की बैठक मंगलवार और शनिवार को होती है। जिसमें अमरनाथ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी किये जाते हैं। जिसमें श्री आनंदेश्वर महाराज अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडल, अमरनाथ बर्फानी सेवा समिति एवं श्री भोले अमरनाथ सेवा समिति के सेवादार जाने वाले यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने में सहयोग करते हैं। जिसमें आज 119 लोगों का व कुल 416 अमरनाथ यात्रियों का मेडिकल परीक्षण हो पाया है।

Tags:    

Similar News