MP News: गाजे-बाजे के साथ निकली बंदर की शव यात्रा, स्थानीय लोगों ने बेजुबान को दी यादगार विदाई

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बंदर की शव यात्रा सुर्ख़ियों में है। दरअसल, रीवा जिले के एक कस्बे के लोगों ने एक बंदर की गाजे-बाजे के साथ शव यात्रा निकाली और अंतिम संस्कार किया।

Written By :  aman
Update:2022-05-25 16:56 IST

प्रतीकात्मक चित्र 

MP News : मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बंदर की शव यात्रा सुर्ख़ियों में है। दरअसल, रीवा जिले के एक कस्बे के लोगों ने एक बंदर की गाजे-बाजे के साथ शव यात्रा निकाली और अंतिम संस्कार किया। यह मामला सोमवार की बताई जा रही है। रीवा जिले के त्योंथर कस्बे का यह वीडियो आजकल सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है।

इस मामले में मीडिया से बात करते हुए त्योंथर कस्बे के एक व्यापारी महेन्द्र केसरवानी ने बुधवार को बताया, कि 'त्योंथर में वार्ड संख्या- 12 में बिजली के खंभे पर लगे तार से करंट लगने के कारण एक बंदर की मौत हो गई थी।' जिसकी शव यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई।

स्थानीय लोगों ने कराया अंतिम संस्कार

स्थानीय दुकानदार महेंद्र केसरवानी बताते हैं कि, जब वह अपनी दुकान पर पहुंचे। तो बंदर को मृत हालत में पड़ा देखा। उन्होंने बताया कि, नगर पालिका और वन विभाग के अधिकारियों ने उसे दफन करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई, तब स्थानीय लोगों ने ही उस बेजुबान का अंतिम संस्कार करवाया।

सरकारी विभाग ने नहीं दिखाई रुचि

स्थानीय लोगों ने बताया कि, बंदर के बारे में जानकारी नगरपालिका को दी गई। मगर, नगरपालिका ने यह कहकर मृत बंदर को उठाने से मना कर दिया, कि यह मामला वन विभाग का है। फिर वन विभाग से संपर्क किया गया। वन विभाग ने भी इसमें रुचि नहीं दिखाई।

शव को रामनामी चादर ओढ़ाया

आख़िरकार, स्थानीय लोगों ने बंदर के अंतिम संस्कार का फैसला लिया। स्थानीय लोगों ने बंदर के शव को पहले नहलाया। फिर, रामनामी चादर ओढ़ाकर फूल माला पहनाई। इसके बाद बाजे-गाजे के साथ उसकी शव यात्रा निकाली गई। मैदान में एक गड्ढा करवा शव को दफन किया गया। वन्य जीव के प्रति प्रेम देखकर बड़ी संख्या में लोग बंदर की शव यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे।

Tags:    

Similar News