Tripura CM Resigns: त्रिपुरा के CM बिप्लब देब ने दिया इस्तीफा, आज विधायक दल की बैठक में नए चेहरे पर फैसला

Tripura CM Resigns: त्रिपुरा में बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है। भारतीय जनता पार्टी नीत त्रिपुरा सरकार के मुख्यमंत्री बिप्लब देव ने शनिवार दोपहर अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया।

Written By :  aman
Update: 2022-05-14 11:03 GMT

tripura cm biplab kumar deb 

Tripura CM Resigns: त्रिपुरा में बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है। भारतीय जनता पार्टी नीत त्रिपुरा सरकार के मुख्यमंत्री बिप्लब देव ने शनिवार दोपहर अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। बिप्लब देब ने अपना इस्तीफा राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को सौंपा। इस्तीफा देने के बाद बिप्लब देव मीडिया मुखातिब हुए।

मीडिया से बात करते हुए बिप्लब देब ने कहा, कि 'उनके लिए पार्टी का फैसला सर्वोपरि है। आलाकमान के कहने पर उन्होंने अपना पद छोड़ा है।' हालांकि, उन्होंने नए मुख्यमंत्री कौन होंगे, इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। 

अमित शाह से मिले थे बिप्लब

बता दें कि, बिप्लब देब इस्तीफा देने से पहले शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह से मिले थे। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद ही उनके इस्तीफे पर मुहर लग गई थी। जो आज सामने आया। जानकारी के अनुसार, त्रिपुरा में विधायक दल की बैठक के बाद नए मुख्यमंत्री का चुनाव होगा।   

2023 में त्रिपुरा में होंगे विधानसभा चुनाव

कहा तो ये भी जा रहा है, कि बिप्लब देव को लेकर संगठन में नाराजगी चल रही थी। इसी वजह से दो विधायकों ने पार्टी का साथ छोड़ दिया था। वहीं, जानकार ये भी मानते हैं कि विधानसभा चुनावों की रणनीति के तहत बीजेपी कोई रिस्क नहीं लेना लेना चाहती। जैसा कि भारतीय जनता पार्टी अन्य राज्यों में भी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा बदल चुकी है, इस बदलाव को भी उसी तर्ज पर देखा जा रहा है। बता दें कि, साल 2023 में त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव होने हैं। आने वाले समय में त्रिपुरा में मंत्री से लेकर संगठन तक बड़े फेरबदल संभव हैं।  

आज होगी विधायक दल की बैठक

वहीं, दूसरी तरफ बिप्लब देब के इस्तीफे के बाद आज शाम बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी। भूपेंद्र यादव और विनोद तावड़े को पर्यवेक्षक के तौर पर भेजा गया है।

बिप्लब 2018 में बने थे सीएम

उल्लेखनीय है कि, बिप्लब देब साल 2018 में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बने थे। अगले साल यानी 2023 में त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि चुनाव से पहले बीजेपी ने पार्टी को मजबूत करने के लिए नए चेहरे को राज्य की कमान सौंपने का बड़ा फैसला लिया है।

Tags:    

Similar News