Agra News: दानव बने दहेजलोभी, भूखा रखा, मारा पीटा, गर्भपात कराया, पति, सास, ससुर व ननद नामजद
Agra News: शादी के बाद विवाहिता जब ससुराल पहुंची तो ससुरालीजनों ने दहेज में फार्च्यूनर कार की मांग शुरू कर दी। पति भी कार लाने का दबाव बनाने लगा।;
Agra News (photo: social media )
Agra News: आगरा में रहने वाली विवाहिता ने दहेजलोभी ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विवाहिता ने पति, सास, ससुर और ननद पर गंभीर आरोप लगाया है। हरीपर्वत थाना क्षेत्र के मदिया कटरा इलाके में रहने वाली विवाहिता के मुताबिक 19 जून 2021 को उसकी शादी बेगूसराय बिहार के रहने वाले रामकृष्ण अग्रवाल के पुत्र कृष्ण मुरारी के साथ हिन्दू रीती रिवाज के साथ हुई थी। विवाहिता के पिता ने शादी में करीब 50 लाख का खर्चा किया था।
शादी के बाद विवाहिता जब ससुराल पहुंची तो ससुरालीजनों ने दहेज में फार्च्यूनर कार की मांग शुरू कर दी। पति भी कार लाने का दबाव बनाने लगा। कहने लगा कि या तो कार लाओ नहीं तो तुम्हें घर में नहीं रहने देंगे। विवाहिता ने मना किया तो उसे मारा पीटा गया। घर में भूखा रखा गया। विवाहिता का आरोप 20 सितंबर 2021 को सास सुनीता अग्रवाल और ननद सुनिधि अग्रवाल ने उसे जान से मारने का प्रयास किया। बार बार विवाहिता और उसके पिता को अपमानित किया गया। आरोप है कि जनवरी 2022 में जब विवाहिता गर्भवती हुई तो वह जर्मनी में थी।
ससुरालीजनों ने जबरन जूस पिला कराया गर्भपात
विवाहिता का आरोप है कि ससुरालीजनों ने जबरन उसे जूस पिला दिया। जिससे उसका गर्भपात हो गया। विवाहिता के मुताबिक उन्होंने जर्मन पुलिस से भी मामले की शिकायत की थी। जर्मनी में भी उनकी एफआईआर दर्ज है। हरीपर्वत पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर पति कृष्ण मुरारी, ननद सुनिधि अग्रवाल, सास सुनीता अग्रवाल और ससुर राम कृष्ण अग्रवाल के खिलाफ़ आईपीसी की धारा 498 ए, 323 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3, 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई करने में जुटी है।