UP Politics: न्याय यात्रा में शामिल हुए अखिलेश, बोले- बीजेपी हटाओ, देश बचाओ, संकट हटाओ
Agra News: राहुल गांधी ने कहा, बीजेपी नफरत फैलाने का काम करती है, हम इस नफरत को मोहब्बत से हटाएंगे। उन्होंने कहा, देश में अन्याय बढ़ रहा है, अगर आप गरीब हैं, तो आपको इस देश में 24 घंटे अन्याय का सामना करना पड़ेगा।;
Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav (Pic:Social Media)
Agra News: अखिलेश यादव आगरा पहंुचे और कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल रहीं। अखिलेश यादव ने कहा कि देश से बीजेपी का सफाया होगा। अखिलेश यादव ने इस मौके पर बीजेपी पर जमकर हमला बोला उन्होंने कहा कि बीजेपी हटाओ, देश बचाओ, संकट हटाओ। न्याय यात्रा में भारी भीड़ उमड़ी। अखिलेश यादव ने जनता से बीजेपी को हटाने की बात कही।
ये सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराती है
न्याय यात्रा में शामिल हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा एक ही संदेश है, बीजेपी हटाओ, देश बचाओ, संकट हटाओ। सपा सुप्रीमो ने कहा कि जय जवान, जय किसान का नारा सब लगाते हैं। लेकिन यहां किसान परेशान हैं, नौजवान में नफरत फैलाई जा रही है। नौकरियां नहीं हैं। युवा डिग्री जला कर आत्महत्या कर रहा है। ये सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराती है।
सपा मुखिया ने कहा कि राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान की बात कर रहे हैं और ये मोहब्बत का शहर है। जितनी मोहब्बत भर सकते हैं, भरकर ले जाइए और पूरी यात्रा में बांटते चले जाइए। अखिलेश ने कहा कि आने वाले समय में लोकतंत्र को बचाने की चुनौती है। संविधान बचाने की चुनौती है। भीमराव आंबेडकर ने जो सपना देखा था, गरीब- पिछड़ों को सम्मान मिलना चाहिए। पहले जो सम्मान मिल भी रहा था, उसे बीजेपी ने लूटने का काम किया है।
देश में अन्याय बढ़ रहा है
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार को उत्तर प्रदेश के आगरा पहुंची। आगरा पहुंची ‘न्याय यात्रा‘ में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी शामिल हुए। इस दौरान प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। इस मौके पर राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी नफरत फैलाने का काम करती है, हम इस नफरत को मोहब्बत से हटाएंगे। उन्होंने कहा, देश में अन्याय बढ़ रहा है, अगर आप गरीब हैं, तो आपको इस देश में 24 घंटे अन्याय का सामना करना पड़ेगा। नफरत की वजह अन्याय है, इसलिए हमने अपनी यात्रा में न्याय शब्द जोड़ा है।