Agra News: रेप पीड़िता ने आरोपी BJP नेता की गिरफ्तारी के लिए CM योगी से लगाई गुहार

Agra News: आगरा जनपद के थाना शमशाबाद क्षेत्र में एक महिला ने कुछ दिन पूर्व भारतीय जनता पार्टी के नेता पर बलात्कार का आरोप लगाया था। रेप पीड़िता ने आरोपी की गिरफ्तार की मांग लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है।

Update: 2023-05-26 13:25 GMT
रेप पीड़िता ( न्यूजट्रैक)

Agra News: आगरा में दुष्कर्म पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इंसाफ की गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। महिला ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य और वर्तमान भाजपा नेता हरेंद्र सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य और उसके दो साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कोर्ट के आदेश पर शमशाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला के अनुसार वारदात 12 फरवरी 2023 की है। लिखित शिकायत में महिला ने बताया है कि वो 12 फरवरी की शाम को करीब 4ः30 बजे ग्राम लखुरानी शमशाबाद से पैदल शमशाबाद गांधी चौक की तरफ जा रही थी। रास्ते में प्रकाश गार्डन के पास उसे पूर्व परिचित हरेंद्र सिंह सफेद रंग की कार लेकर खड़ा मिला। हरेंद्र के साथ कार में दो और लोग बैठे हुए थे। कार में पीछे की सीट पर हरेंद्र बैठा हुआ था। हरेंद्र ने शमसाबाद जाने की बात कहकर महिला को अपने साथ पीछे की सीट पर बैठा लिया। महिला का आरोप है कि कुछ दूर आगे जाने के बाद हरेंद्र ने उसके साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। विरोध करने पर हरेंद्र ने महिला को थप्पड़ मारा। पिस्टल तान कर जान से मारने की धमकी दी।

महिला का आरोप है कि हरेंद्र ने कार में जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। अन्य दोनों लोग कार के बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। महिला ने बताया कि इस दौरान कार के पास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो हरेंद्र ने लोगों को पिस्टल दिखाई और कार लेकर भाग गया। महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसने थाना पुलिस और अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन कहीं सुनवाई नही हुई। अब महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज हो गया है। आपको बता दें कि हरेंद्र सिंह पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुका है। हरेंद्र सपा में भी पदाधिकारी रहा है। अब हरेन्द्र भाजपा में है। वहीं पूरे मामले पर आरोपी हरेन्द्र ने खुद को बेकसूर बताया है। हरेन्द्र का कहना है कि राजनीतिक रंजिश के चलते उन्हें फंसाया गया है। वह हर जांच के लिए तैयार है। हरेन्द्र ने ये भी कहा है कि अगर उन पर लगे आरोप साबित होते हैं तो वो हमेशा के लिए राजनीति छोड़ देंगे।

Tags:    

Similar News