Agar News: सचिन उपाध्याय हत्याकांडः पीएम रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, फरार पत्नी गिरफ्तार

Agar News: बैंक मैनेजर सचिन उपाध्याय हत्याकांड में फरार चल रही पत्नी और उसके पिता कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बिजेंद्र रावत को ताजगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Report :  Arpana Singh
Update:2023-10-29 11:47 IST

आगरा में सचिन उपाध्याय हत्याकांड में पत्नी गिरफ्तार (न्यूजट्रैक)

Agra News: बैंक मैनेजर सचिन उपाध्याय की हत्या के मामले में फरार चल रही पत्नी प्रियंका रावत और उसके पिता कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बिजेंद्र रावत को ताजगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाप-बेटी प्रयागराज हाइकोर्ट में सरेंडर करने के प्रयास में छिपे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

घर में खून से लथपथ मिला था सचिन उपाध्याय का शव

हाइप्रोफाइल मर्डर की ये वारदात 11 अक्टूबर 2023 को ताजगंज थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी राम रघु एग्जॉटिका में घटित हुई थी। बैंक मैनेजर सचिन उपाध्याय घर में खून से लथपथ मिले थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद सचिन की पत्नी प्रियंका चुपचाप अस्पताल से गायब हो गई। सचिन के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया।

पोस्टमार्टम में पता लगा कि सचिन की मौत अस्पताल लाने के एक दिन पहले ही हो चुकी थी। पीएम रिपोर्ट से हत्या की तस्वीर पूरी तरह साफ होने के बाद पुलिस ने परिजन की तहरीर के आधार पर सचिन उपाध्याय की पत्नी प्रियंका, ससुर बिजेंद्र सिंह रावत, साले कृष्ण कुमार रावत समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने कुछ दिन पहले सचिन उपाध्याय के साले कृष्ण कुमार रावत को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद से कलक्ट्रेट बार का अध्यक्ष आरोपी बिजेंद्र सिंह रावत बेटी के साथ फरार हो गया था। पुलिस सरगर्मी से दोनों की तलाश कर रही थीं। दोनों प्रयागराज में छिपे हुए थे। पुलिस ने अब दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। ये मामला शहर के लोगों के बीच बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है।

शहर के प्रतिष्ठित लोगों में होती बिजेंद्र सिंह रावत की गिनती

कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह रावत और उनके परिवार की गिनती शहर के प्रतिष्ठित लोगों में होती है। ऐसे में ये मामला शहर में सबसे बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर जितने मुँह उतनी बातें हो रही है। बहरहाल वारदात में शामिल पिता, पुत्र और बेटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Tags:    

Similar News