Women Security in UP: महिला सुरक्षा को लेकर योगी पर भड़के अखिलेश, कहा इस सरकार में सुरक्षित नहीं लड़कियां

Women Security in UP: उन्होने घटनाओं को गिनाते हुए कहा कि गाजियाबाद के लोनी में 12 दिसम्बर, 2022 को दिनदहाड़े हथियार के बल पर महिला से लूट की घटना विचलित करने वाली है।

Written By :  Anant kumar shukla
Update: 2022-12-13 14:31 GMT

Akhilesh Yadav  (Social Media)

Women Security in UP: महिला सुरक्षा को लेकर सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार पर भड़के समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में महिला सुरक्षा की बात सिर्फ अखबार के विज्ञापनों तक सीमित रह गई हैं। प्रदेश में जंगलराज है। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब महिलाएं अपमानित न होती हों, बच्चियां दुष्कर्म की शिकार न होती हों। अवांछित तत्वों की वजह से कितनी ही युवतियों को जान गंवानी पड़ी है और न जाने कितनी छात्राओं की पढ़ाई छूट गई है।

अखिलेश ने गिनाये महिलाओं के खिलाफ घटनाएं 

उन्होने घटनाओं को गिनाते हुए कहा कि गाजियाबाद के लोनी में 12 दिसम्बर, 2022 को दिनदहाड़े हथियार के बल पर महिला से लूट की घटना विचलित करने वाली है। वृंदावन टूर पर गई छात्रा से प्रिंसपल पर रेप का आरोप है। हाल ही में बांदा के विसंडा थाना क्षेत्र में एक युवती की इज्जत से खिलवाड़ की घटना घटी। दबंगों ने उसके मां और भाई की पिटाई भी कर दी। पुलिस से शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। मेरठ में एक छात्रा छेड़छाड़ की घटनाओं से इतना परेशान हो गई कि उसने पढ़ाई ही छोड़ दी। पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। मनचलों ने छात्रा और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे दी।

ऊंचाहार के जगतपुर थाना क्षेत्र एक गांव की महिला के साथ रात्रि में दुष्कर्म की घटना की शिकायत होने पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। बहराइच के नानपारा कोतवाली क्षेत्र में एक 9 वर्षीय बालिका के साथ एक अधेड़ ने दुष्कर्म किया। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सत्ता के संरक्षण में असामाजिक तत्वों का बोलबाला

अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता के संरक्षण में असामाजिक तत्वों का बोलबाला है। अपराधी जब चाहे तब अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे है। जनता भाजपा राज से त्रस्त है। जब राज्य अराजकता की गिरफ्त में है तो कैसा देशी-विदेशी निवेश और कैसा विकास? इसकी जवाबदेही से भाजपा बच नहीं सकती।

Tags:    

Similar News