Samajwadi Party: प्रदेश में अपराध चरम पर, कानून व्यवस्था ध्वस्त, कैसे होगा बाहरी निवेश- अखिलेश यादव

Samajwadi Party: उन्होने कहा कि भाजपा सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों पर बहस नहीं करना चाहती है। महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय चरम सीमा पर है। भाजपा सरकार में कोई न्याय की उम्मीद नहीं कर सकता है।

Written By :  Anant kumar shukla
Update: 2022-12-30 14:45 GMT

Crime Is peak in the state law and order has collapsed former Chief Minister Akhilesh Yadav (Social Media)

Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। ऐसे में बाहर से निवेश कैसे आ सकता है। व्यापारियों को लूटा जा रहा है। महिलाओं के साथ उत्पीड़न हो रहा है। महिला अपराध और पुलिस हिरासत मौतों के मामले में उत्तर प्रदेश देश में नम्बर एक पर है। गोरखपुर में एक बार फिर शर्मनाक घटना हुई है। परिवार और महिलाओं को पुलिस से अपनी बेटी की लाश छीननी पड़ी है। गोरखपुर ही नहीं पूरे प्रदेश से इसी तरह की घटनाएं सामने आ रही है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों पर बहस नहीं करना चाहती है। महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय चरम सीमा पर है। भाजपा सरकार में कोई न्याय की उम्मीद नहीं कर सकता है। पूंजीनिवेश के नाम पर जनता को धोखा दिया जा रहा है।

जनता को धोखा दे रही सरकार

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेश के नाम पर जनता को धोखा दे रही है भाजपा सरकार। विदेशों में रोड-शो करके जब खाली हाथ लौट आए तो अब राज्यों में देशी निवेशकों को आमंत्रित करने जाएंगे। अभी तक न निवेश है और नहीं रोजगार है। इसके बाद उन्होंने सरकार से पूछा कि पिछले पांच सालों में प्रदेश में कहां-कहां क्या इन्वेस्टमेंट आया। कितने युवाओं को रोजगार मिला। सरकार स्पष्ट करे।

जीएसटी के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही सरकार

अखिलेश यादव ने कहा कि कहीं ठेका मिलना और काम कराना इन्वेस्टमेंट नहीं होता है। इन्वेटमेंट कारखाना लगाना और उद्योग लगाना होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जीएसटी को लेकर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। जीएसटी के नाम पर सरकार छापेमारी करा रही है। प्रदेश में उद्योग धंधे कहां लगे हैं, सरकार को इसका ब्यौरा तो देना ही चाहिए। भाजपा सरकार में पूरे प्रदेश में कहीं भी कोई विकास नहीं दिख रहा है। भाजपा के पास प्रचार पर खर्च करने के लिए करोड़ों रूपये है। जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है सरकार।

Tags:    

Similar News