सपा देश में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, PC में बोले अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav Press Conference: लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद आज समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया, जहां उन्होंने अपनी पार्टी को देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बताया।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-06-08 09:17 GMT

Akhilesh Yadav Press Conference: लोकसभा चुनाव के परिणाम सामने आ गए हैं। एनडीए ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। इंडिया ने विपक्ष में रहने की बात भी कर दी है। इसी बीच आज यानी शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया, जहां उन्होंने अपनी पार्टी को देश की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि देश से अब नाकारात्मक राजनीति खत्म हो गई है और सकारात्मक राजनीति के युग की शुरूआत हो चुकी है। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि इस चुनाव में लोगों के मुद्दों की जीत हुई है।

संत ने अखिलेश को भेंट की रामलला की तस्वीर


पत्रकारों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आगे कहा कि लोगों ने समाजवादी पार्टी पर भरोसा जताया है। अब पार्टी की जिम्मेदारी बढ़ गई है। संसद में हमें लोगों के हित में आवाज उठानी है। लोकसभा चुनाव में अच्छे प्रदर्शन के बाद अखिलेश यादव का बीते दिन यानी शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। जीत के बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने अयोध्या से बालयोगी संत रामदास भी पहुंचे थे। संत बालयोगी ने अखिलेश यादव को रामनवमी दुपट्टा पहनाया। इसके बाद रामलला की फोटो फ्रेम तस्वीर भेंट की। गौरतलब है कि अखिलेश यादव राम जन्मभूमि मंदिर के उद्घाटन के बाद से अब तक रामलला का दर्शन करने अयोध्या नहीं जा पाए हैं। उन्हें रामलला की प्राण प्रतिष्ठा आयोजन में भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह शामिल नहीं हुए थे।

सपा कार्यालय में अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत

शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच अखिलेश यादव का अभिनंदन किया। संत रामदास के अलावा कर्नाटक सपा के प्रदेश अध्यक्ष एन. मंजप्पा, केरल समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष साजी थॉमस पोथन और केरल जनता दल (सेक्यू्लर) के राष्ट्रीय सचिव आरएस प्रभात ने भी उनका अंगवस्त्र पहनाकर अभिवादन किया। समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल एडवोकेट ने संविधान की उद्देश्य पट्टिका भी भेंट अखिलेश यादव को भेंट की।

Tags:    

Similar News