UP Assembly Session: योगी के एक-एक बयान पर अखिलेश ने किया पलटवार, कहा- नेताजी ने हमें ऐसी शिक्षा दी ही नहीं...

UP Assembly Budget Session 2023- मंगलवार को यूपी विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Written By :  Hariom Dwivedi
Update: 2023-02-28 10:38 GMT

यूपी विधानसभा में अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर साधा निशाना

UP Assembly Budget Session 2023- उत्तर प्रदेश विधानसभा में सत्ता पक्षा और विपक्ष के बीच आज फिर गहमागहमी देखने को मिली। बजट पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा। धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान सीएम द्वारा दिये बयान पर आपत्ति जताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सदन में अगर नेता सदन ने किसी के पिता के बारे में कहा तो स्वाभाविक है कि दूसरा भी पिता पर कहेगा। यह परम्परा छोड़नी होगी। क्योंकि, नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने हमें ऐसी शिक्षा नहीं दी है।

सपा प्रमुख ने योगी आदित्यनाथ के सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि नेता सदन ने जिस एसडीएम भर्ती की बात कही थी, मैं जातियों के नाम पढ़ सकता हूं, जिनकी भर्ती हुई थी। 2011 में एसडीएम के पद पर 30 भर्ती हुई थीं जिसमें सिर्फ 5 यादव थे, 2012 में 3 यादव थे। अब नेता सदन इस सूची को जारी करें। अखिलेश यादव ने कहा कि इसी समानता के लिए हम जातिगत जनगणना की मांग कर रहे है। यही रामराज्य है और यही समाजवाद है।

"आपने सिर्फ नाम बदलने का काम किया है"

अखिलेश यादव ने सवाल पूछते हुए कहा कि आज तक आपने क्या-क्या शिलान्यास कर उद्घाटन किया है बताइये? हाईकोर्ट की ऐतिहासिक बिल्डिंग हमने बनाई। पुलिस हेड क्वार्टर भी बनाया। आपने सिर्फ नाम बदलने का काम किया है। आज कृषि क्षेत्र का क्या हाल है, क्या सरकार को पता नहीं है?

रामचरितमानस के खिलाफ नहीं हूं: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि हम रामचरितमानस के खिलाफ नहीं है। भगवान सबके हैं। केवल आप चंदा लेते हैं तो क्या आपके ही भगवान हैं? इसलिए हम जातिगत जनगणना चाहते हैं। मैंने रामचरितमानस के बारे में नहीं बल्कि यह पूछा था कि शूद्र क्या है? जब कोई घर से गया तो क्या घर गंगाजल से धोया जाता है? इससे क्या साबित होता है? क्या नेता सदन ये बताएंगे कि शूद्र गलत है? कोई जान से गलत पैदा नहीं होता हो सकता।

" यूपी में 11 लाख से ज्यादा छुट्टा जानवर"

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग कहते हैं कि लैपटॉप में घोटाला हुआ। एक्सप्रेस वे में घोटाला हुआ। अगर ऐसा था तो सपा का डिजाइन किया हुआ एक्सप्रेस पर हरकुलिस क्यों उतारा? मंत्री कई देशों में घूमने गये, क्या उन्हें वहां सड़कों पर आवारा पशु घूमते दिखाई दिये? कहा कि आज 11 लाख से ज्यादा छुट्टा जानवर घूम रहे हैं। अब तक जानवरों से एक्सीडेंट और खेत में रखवाली करते हुए जिनकी जान गई है, क्या सरकार उनकी मदद करेगी?



"भ्रष्टाचार की कमाई पर चलनेवाले भाजपाई मेहनत की कमाई की क़ीमत क्या जानें"

अखिलेश यादव ने ट्ववीट करते हुए लिखा, "यूपी में लागत तक के दाम न मिलने से हताश एक किसान द्वारा मजबूर होकर अपनी फसल को ट्रैक्टर से रौंदने की ख़बर दुखद है। ये ट्रैक्टर सिर्फ़ खेत पर ही नहीं, उप्र सरकार की प्रतिष्ठा पर भी चला है। चंदे और भ्रष्टाचार की कमाई पर चलनेवाले भाजपाई मेहनत की कमाई की क़ीमत क्या जानें।


Tags:    

Similar News