UP News: मंकी पॉक्स के नए वेरिएंट को लेकर अलर्ट, विदेश से आने वालों पर भी नजर

UP News: प्रदेश में मंकी पॉक्स के नए स्वरूप से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जिलों को इस बीमारी से सतर्क रहने को कहा गया है।

Report :  Abhishek Mishra
Update:2024-09-28 09:00 IST

UP News: उत्तर प्रदेश में मंकी पॉक्स के नए वेरिएंट को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बचाव के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने एक बार फिर मंकी पॉक्स को लेकर स्वास्थ्य आपातकाल की घोषणा कर दी है। 

नए वेरिएंट को लेकर सतर्कता

प्रदेश में मंकी पॉक्स के नए स्वरूप से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जिलों को इस बीमारी से सतर्क रहने को कहा गया है। मंकी पॉक्स के संदिग्ध मरीजों को आइसोलेशन में रखने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इन मरीजों को पहले अलग करने का फैसला लिया गया है जिससे अन्य लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा कम हो। 

राजधानी में इंतजाम पुख्ता

राजधानी लखनऊ के अस्पतालों में मंकी पॉक्स के संदिग्ध मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया गए हैं। हजरंतगंज स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में पहले ही दस बेड का विशेष वार्ड तैयार किया गया है। वहीं बलरामपुर अस्पताल में भी इस बीमारी से निपटने के इंतजाम कर लिए गए हैं।

विदेश से आने वालों पर भी नजर 

मंकी पॉक्स से निपटने के लिए विदेश से आने वाले यात्रियों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। मंकी पॉक्स के लक्षण व फैलने के तरीकों को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अस्पतालों में मरीजों को अलग रखने की व्यवस्था के साथ जरूरी दवाओं की उपलब्धता के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। संदिग्ध मामलो को सतर्कता के नजरिए से अलग रखा जाएगा। 

जिलों को निर्देशों का पालन जरूरी 

मंकी पॉक्स का इलाज केवल लक्षणों के आधार पर ही किया जाएगा। इसके लिए मरीजों को विशेष दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिले के सभी अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा। जानकारी के मुताबिक मंकी पॉक्स के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, शरीर में अत्यधिक कमजोरी और हाथ व अन्य हिस्सों पर निकलने वाले अज्ञात दाने शामिल हैं। 

Tags:    

Similar News