स्मृति ईरानी को अमेठी से प्रियंका का जवाब, राजनीतिक नहीं पारिवारिक है हमारा रिश्ता

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश संगठन प्रभारी प्रियंका गांधी इन दिनों उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान संचालित कर रही हैं। इसके तहत प्रदेश संगठन के अलग-अलग स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर रही हैं।

Update: 2021-01-27 12:58 GMT

लखनऊ: केंद्रीय मंत्री और अमेठी सांसद स्मृति ईरानी को बुधवार को कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने अमेठी से राजनीतिक जवाब दिया है। कार्यकर्ता बैठक में उन्होंने कहा कि अमेठी से हमारा पारिवारिक रिश्ता है जिसे तोड़ा नहीं जा सकता। राजनीतिक रिश्ते बनते-बिगड़ते रहते हैं लेकिन पारिवारिक रिश्तों की गांठ हमेशा मजबूत बनी रहती है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश संगठन प्रभारी प्रियंका गांधी इन दिनों उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान संचालित कर रही हैं। इसके तहत प्रदेश संगठन के अलग-अलग स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को उन्होंने अमेठी के ज़ामों ब्लॉक की न्याय पंचायत दखिन वारा में आयोजित संगठन बैठक को संबोधित किया।

अमेठी की जनता के साथ पीढ़ियो से पारिवारिक रिश्ता

पार्टी कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मुखातिब प्रियंका गांधी ने याद दिलाया कि अमेठी की जनता के साथ उनका पीढ़ियों से पारिवारिक रिश्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जब उनका जन्म नहीं हुआ था तब से उनके पिता और परिवार के सदस्यों का अमेठी से नाता बना हुआ है। अपना बचपन उन्होंने अमेठी के लोगों के साथ गुजारा है। अमेठी के लोगों के जीवन में आने वाले सुख-दुख से हमेशा उनका जुड़ाव रहा है। इंसान कभी वह जगह और उन लोगों को नहीं भूल सकता है जो उसके बचपन में उससे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कारणों से उनका रिश्ता अमेठी के साथ नहीं है कि वह चुनावी जीत-हार से बदल जाएगा। यह बेहद मजबूत और गहरा आत्मीय पारिवारिक रिश्ता है जिसे कोई राजनीति चाहकर भी खत्म नहीं कर सकती है।

ये भी पढ़ें....सोनभद्र नसबंदी मामला: एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई, जेवर रखवाया था गिरवी

बैठक में आए कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने किसानों के खिलाफ तीन काले कानूनों का निर्माण किया है। इससे केवल प्रधानमंत्री के चंद मित्र पूंजीपतियों को ही लाभ मिलने वाला है। देश के हजारों किसान इसका विरोध कर रहे हैं। यह कानून पूरे देश के किसानों के लिए खतरनाक है और उन्हें बर्बाद करने वाला है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वह किसान कानून को लेकर लोगों को जागरुक करें और उन्हें किसानों के संघर्ष में साझीदार बनाएं।

ये भी पढ़ें....बलिया: बैठक में भिड़े BJP सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त और विधायक सुरेंद्र सिंह

लोगों को सस्ता राशन और मनरेगा के तहत मजदूरी देने का काम कांग्रेस ने किया

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस सरकारों की जो योजनाएं हैं वही आज की सरकार भी चला रही है और उन्हीं योजनाओं से लोगों को सर्वाधिक लाभ मिल रहे हैं। लोगों को सस्ता राशन और मनरेगा के तहत मजदूरी देने का काम कांग्रेस सरकार ने ही किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव से पहले हमें अपना संगठन मजबूत बनाना है। संगठन निर्माण हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

ये भी पढ़ें.... एटा: झोपड़ी में लगी भयानक आग, जलकर दो किसानों की मौत

अमेठी से कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बताया कि इस बैठक में बड़ी तादाद में लोग इकठ्ठा हुए। यह साबित करता है कि गांधी परिवार के साथ अमेठी के लोगों का रिश्ता आज भी मजबूत बना हुआ है। चुनाव परिणाम जो भी रहा लेकिन प्रियंका जी हमेशा एक परिवार के सदस्य के तौर पर अमेठी के लोगों से जुड़ी रही हैं। कोरोना काल में उन्होंने मजदूर व कामगार समुदाय की मदद की और अब सर्दी में 25 हजार कंबल भेजे, जिन्हें जरूरतमंदों को दिया गया है।

रिपोर्ट: अखिलेश तिवारी

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News