UP Nikay Chunav 2023: क्या कहते हैं मेरठ नगर निगम महापौर पद के आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशी

UP Nikay Chunav 2023: मेरठ नगर निगम में महापौर पद पर आम आदमी पार्टी की तरफ से ऋचा सिंह चुनावी मैदान में हैं। तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस उम्मीदवार 55 वर्षीय नसीम कुरैशी शहर घंटाघर निवासी हैं।

Update:2023-04-18 21:44 IST
मेरठ नगर निगम महापौर पद के कांग्रेस प्रत्याशी नसीम कुरैशी- आप की प्रत्याशी ऋचा सिंह: Photo- Newstrack

UP Nikay Chunav 2023: मेरठ नगर निगम में महापौर पद पर आम आदमी पार्टी की तरफ से ऋचा सिंह चुनावी मैदान में हैं। करीब 42 वर्षीय ऋचा सिंह शिक्षित होने के साथ ही सामाजिक कार्यों में अपनी सहभागिता निभा रही हैं। ग्लोबल सोशल कनेक्ट संस्था की अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा और समाज के उत्थान के लिए कार्य किया है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट रही हैं ऋचा सिंह

वह दिल्ली यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट रही हैं। सिविल सर्विसेज की तैयारी कर चुकी हैं। बस्ती में जन्मी ऋचा सिंह का विवाह पल्लवपुरम निवासी सुनील चौधरी के साथ हुआ,जिसके बाद से वह मेरठ में ही रह रही हैं। आप ने ऋचा सिंह को टिकट देकर भाजपा के सामने तीन चुनौतियां पेश कर दी हैं। ऋचा जाट चेहरा हैं। महिला हैं, शिक्षित और समाज में अच्छी छवि रखने वाली सक्रिय महिला हैं। उनकी छवि, जाति देखकर जाट और महिलाओं का वोट वो प्रभावित करेंगी। न्यूजट्रैक से संक्षिप्त बातचीत में ऋचा सिंह इतना ही कहती हैं कि हम लोगों की लड़ाई जिन लोगों से हैं, वह लोग धन बल के आधार पर राजनीति करते हैं।

इस बार आप को मौका दें- ऋचा सिंह

हमे नगर निगम व वार्डो के मुद्दे जनता के बीच लेकर जाने हैं। इसलिए मैने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से मेरठ के लोगों से यही अपील करने को कहा है कि नगर निकाय चुनाव में शहर की सफाई झाड़ू के अलावा कोई और नहीं कर सकता। इसलिए एक बार आम आदमी पार्टी को अरविंद केजरीवाल को मौका दो। बता दें कि आप ने यूपी निकाय चुनाव में वादा किया है कि अगर आप चुनाव जीतती है तो हाउस टैक्स हाफ और वाटर टैक्स माफ किया है।

कांग्रेस उम्मीदवार 55 वर्षीय नसीम कुरैशी शहर घंटाघर निवासी हैं। नसीम कुरैशी 35 सालों से कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उनके परिवार की तीसरी पीढ़ी है, जो कांग्रेस से जुड़ी है। वह यूथ कांग्रेस से मेरठ महानगर अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव, 2006 से 2012 तक मेरठ महानगर अध्यक्ष, 2014 से 2020 तक उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में महासचिव रहे। वर्तमान में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ( पीसीसी) के सदस्य हैं।

मैं पार्टी का भरोसा टूटने नहीं दूंगा- नसीम कुरैशी

महापौर प्रत्याशी घोषित होने से नसीम कुरैशी काफी खुश और उत्साहित दिखते हैं। न्यूजट्रैक से बातचीत में वह कहते हैं मेरे जैसे साधारण परिवार के सदस्य को महापौर का प्रत्याशी घोषित करना यह प्रमाण है कि कांग्रेस में पुराने और वफादार कर्मठ कार्यकर्ताओं का कितना अधिक सम्मान है। वह कहते हैं पार्टी ने मेरे ऊपर जो भरोसा जताया है उसको मैं टूटने नहीं दूंगा।

Tags:    

Similar News