Ambedkar Nagar News: कटेहरी में प्रबुद्ध सम्मेलन कर भाजपा ने जनपद में किया चुनावी शंखनाद

भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र कटेहरी में शनिवार को पूर्व प्रत्याशी रहे अवधेश द्विवेदी के संयोजकत्व में प्रबुद्ध सम्मेलन कर अपने चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया।

Report :  Manish Mishra
Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2021-09-11 13:38 GMT

अम्बेडकरनगर: प्रबुद्ध सम्मेलन को सम्बोधित करते एमएलसी अवनीश सिंह पटेल

Ambedkar Nagar News: उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। सप्ताह भर पूर्व विधान परिषद सदस्य तथा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार शर्मा ने जिले में प्रबुद्ध सम्मेलन करने के साथ ही एक बृहद सम्मेलन को भी सम्बोधित किया था। भाजपा अब विधानसभावार प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन कर रही है।

इसी कड़ी में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र कटेहरी में पूर्व प्रत्याशी रहे अवधेश द्विवेदी के संयोजकत्व में प्रबुद्ध सम्मेलन कर अपने चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया। प्रबुद्ध सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य, शिक्षाविद इंजीनियर अवनीश सिंह पटेल मौजूद रहे।

मोदी व योगी के सुशासन के कारण सभी क्षेत्रों में प्रगति कर रहा देश व प्रदेश- अवनीश

अवनीश सिंह पटेल ने प्रबुद्ध सम्मेलन में सम्मिलित शिक्षकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त अधिकारियों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रबुद्ध जनों से भारतीय जनता पार्टी के लोक कल्याण कार्यक्रमों एवं योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह किया। अवनीश सिंह पटेल ने कहा कि मोदी और योगी के सुशासन के कारण आज देश कोविड महामारी के बावजूद विकास के क्षेत्र में, नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में, कृषि, व्यवसाय, परिवहन और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है।

 सम्मेलन में भाग लेते प्रबुद्ध वर्ग के लोग

उत्तर प्रदेश में पुनः योगी आदित्यनाथ की सरकार

समाज में निर्भयता व शासन तंत्र पर भरोसा बढ़ा है और यह सकारात्मक वातावरण यूं ही बना रहे, प्रगति की गति अबाध रहे, इसके लिए 2022 में उत्तर प्रदेश में पुनः योगी आदित्यनाथ की सरकार बनाने की आवश्यकता है और यह संकल्प प्रबुद्ध जनों के सहयोग,आशीर्वाद से निश्चित रूप से पूर्ण होगा। कार्यक्रम के संयोजक अवधेश द्विवेदी ने उपस्थित अध्यापकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, सामाजिक क्षेत्र के लोगों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद, जिला मंत्री दीपक तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंह मिंटू, रमाशंकर सिंह, ओम प्रकाश उपाध्याय सहित अनेकानेक क्षेत्रीय नेता व प्रबुद्ध जन सम्मिलित हुए। 

Tags:    

Similar News