Ambedkarnagar News: नहीं सुलझा ईओ-अध्यक्ष का विवाद, बेनतीजा रही जिलाधिकारी से हुई वार्ता

अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अंबेडकरनगर व अधिशाषी अधिकारी बीच विवाद का पटाक्षेप करने का प्रयास विफल हो गया है।

Report :  Manish Mishra
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-14 18:00 GMT

नगर पालिका परिसर में धरने पर बैठीं अध्यक्ष सरिता गुप्ता (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

Ambedkarnagar News: अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अंबेडकरनगर सरिता गुप्ता व अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह के मध्य सामुदायिक शौचालय के सफाई कर्मियों के मानदेय भुगतान को लेकर हुए विवाद व उसके उपरान्त परिसर में हुए हाई प्रोफाइल धरने का जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद पटाक्षेप तो हो गया लेकिन शनिवार को प्रशासन व अध्यक्ष के बीच हुई वार्ता फिलहाल बेनतीजा ही रही। जिलाधिकारी द्वारा धरना समाप्त कराने के दौरान अध्यक्ष को वार्ता के लिए बुलाया गया था जिसके क्रम में सरिता गुप्ता विधायक द्वय संजू गुप्ता व अनीता कमल के साथ वार्ता के लिए कलेक्ट्रेट पंहुची जहां हुई वार्ता विफल बताई जा रही है।

सूत्रों की मानें तो वार्ता के दौरान अध्यक्ष से शुक्रवार को हुई घटना के लिए माफी मांगने को भी कहा गया। इस बैठक में जिलाधिकारी के अलावा अपर जिलाधिकारी तो मौजूद रहे, लेकिन अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह को नहीं बुलाया गया था। सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी ने अधिशाषी अधिकारी से पहले ही उनका पक्ष जानकर पत्रावली ले ली थी। सामुदायिक शौचालय के जिन सफाई कर्मियों के मानदेय भुगतान को लेकर विवाद हुआ, उसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष बोर्ड का कोई प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं कर सकीं।

फिलहाल जिलाधिकारी ने दोनों पक्षों से संयम बरतने को कहा है। उन्होंने कहा कि वह पत्रावली का अवलोकन कर निर्णय लेंगे। कुल मिलाकर जिस प्रकरण को लेकर शुक्रवार को विवाद हुआ, वह वहीं पर रूक गया है। साथ ही अधिशाषी अधिकारी द्वारा बिना बोर्ड के प्रस्ताव के मानदेय भुगतान करने से इनकार कर दिये जाने से अब यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या अब तक किया गया भुगतान नियम विरुद्ध था। क्या नियम विरुद्ध भुगतान करने के लिए निवर्तमान ईओ पर कार्यवाही हो सकती है। वहीं सफाई कर्मिंयों को महज तीन हजार रुपये का भुगतान करना श्रम अधिनियम के विरुद्ध माना जा रहा है। 

Tags:    

Similar News