Weather News : तेज़ी से बढ़ रही ठंड, उत्तर प्रदेश समेत इन राज्‍यों में ठंड का अलर्ट जारी

Weather News : भारत के इन राज्यों में मौसम विभाग ने ठंड का अलर्ट जारी किया है।

Report :  Rajat Verma
Published By :  Ragini Sinha
Update: 2022-01-25 11:42 GMT

Weather News(Social Media)

Weather News : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) और भारत के विभिन्न राज्यों में शीत लहर और घने कोहरे की चेतावनी (fog alert) जारी कर दी गई है। इसी के साथ कई राज्यों में ठंडी हवाएं चलने के साथ ही पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी (Barfbari) के भी आसार उत्पन्न हो रहे हैं। 

न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे जाने के आसार

इसके अतिरिक्त आने वाले 4-5 दिनों में ठंड में भारी इजाफा हो सकता है, अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव दर्ज होने की उम्मीद नहीं है लेकिन तेज़ हवाएं जारी रहेगी तथा न्यूनतम तापमान (Temperature) 5 डिग्री से भी नीचे जाने के पूर्ण आसार बने हुए हैं। 

कई दिनों से जारी भीषण शीत लहर 

मौसम विज्ञान विभाग ( Meteorological Department ) के मुताबिक, खासकर उत्तर भारत और भारत के अधिकांश राज्यों में बीते कई दिनों से जारी भीषण शीत लहर की स्थिति आने वाले दिनों में भी पूर्ण रूप से बने रहने की संभावना बनी हुई है, जिसके चलते ठंड में और अधिक बढ़ोत्तरी हो सकती है। इसके अतिरिक्त हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी राजस्थान में जनवरी माह में अभी शीतलहर का प्रकोप ज़ोरों पर रहने के आसार हैं।

शीतलहर की चेतावनी के अतिरिक्त मौसम विज्ञान विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है। इसके अनुरूप आने वाले कुछ दिनों में सुबह के समय पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान तथा दिल्ली एनसीआर के क्षेत्रों में घने कोहरे छाए रहने के साथ ही बर्फीली शीतलहर चलने की पूर्ण आशंका है।

इन राज्यों में अलर्ट

शीतलहर और घने कोहरे के अतिरिक्त इसी माह आगामी कुछ दिनों में पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्तरी भागों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की भी संभावना बनी हुई है।

हल्की बारिश के आसार

बीते कुछ दिनों से शीतलहर ज़ोरों पर हैं, जिससे कि आने वाले दिनों में ठंड में अत्यधिक इजाफा हो सकता है। उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के अलावा पश्चिमी हिमालय और अरुणाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की भी संभावना बनी हुई है।

Tags:    

Similar News