Lucknow News: विरोध के बाद भाजपा ने जितेंद्र सिंह बबलू की सदस्यता की निरस्त

भाजपा ने पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू की पार्टी की सदस्यता को निरस्त कर दिया है।

Newstrack :  Network
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-10 14:30 GMT

जितेंद्र सिंह बबलू को पार्टी में शामिल कराने की फाइल तस्वीर (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

Lucknow News: भाजपा ने पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू की पार्टी की सदस्यता को निरस्त कर दिया है। हाल ही में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई थी। इसी के बाद से भाजपा में विरोध शुरू हो गया था। पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू पार्टी सासंद रीता बहुगुणा जोशी के घर को जलाने के आरोपी हैं। उनका पार्टी में शामिल कराए जाने पर रीता बहुगुणा जोशी का बयान आया था, जिसमें उन्होंने कहा ​था कि मीडिया के माध्यम से जितेंद्र सिंह बबलू को पार्टी में शामिल करने की जानकारी मिली है। उन्होंने पार्टी के इस फैसले पर हैरानी भी जताई थी।

उन्होंने कहा था कि जितेंद्र सिंह ने जरूर पार्टी को गुमराह किया होगा। वह इसकी जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय अ​ध्यक्ष जेपी नड्डा व अमित शाह को देने की बात कही थीं। वहीं पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने भी जितेंद्र सिंह को पार्टी में शामिल कराने का विरोध जता चुके थे। उन्होंने पार्टी के फैसले को गलत बताया था। बता दें कि जितेंद्र सिंह बबलू के भाजपा में आते ही अंदरूनी असंतोष उभरने लगा था।


रीता बहुगुणा जोशी के पक्ष में अधिकतर नेता मुखर होने लगे थो। ऐसे में पार्टी ने सही समय पर उचित निर्णय लेते हुए जितेंद्र सिंह बबलू की सदस्यता निरस्त कर दी है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने इसकी संस्तुति दे दी है। इस बात की जानकारी प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे ने दी है।

गौरतलब है कि प्रयागराज संसदीय सीट से पार्टी सांसद रीता बहुगुणा जोशी के जुलाई, 2009 में लखनऊ स्थित घर जलाने के आरोपी व अयोध्या की बीकापुर विधानसभा सीट से विधायक रहे जितेंद्र सिंह बबलू को बुधवार को भाजपा में शामिल कराया गया था। इसको लेकर भाजपा नेताओं में तरह-तरह की चर्चाएं होनी शुरू हो गई थीं। खुद रीता बहुगुणा जोशी भी इस राजनीतिक घटनाक्रम से स्तब्ध थीं।

Tags:    

Similar News