Raebareli Crime News: दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत

लालगंज-फतेहपुर मार्ग पर दो बाइकों में टक्कर हो गई। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Report :  Narendra Singh
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-01 12:23 GMT

बाइकों की भिड़ंत के बाद सड़क पर पड़े घायल

Raebareli Crime News: यूपी के रायबरेली में लालगंज-फतेहपुर मार्ग पर दो बाइकों में टक्कर हो गई। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक युवक की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना के बाद परिवारजन शोक में है।

लालगंज कोतवाली क्षेत्र के केशव पुरम मजरे गोविंदपुर वलौली गांव निवासी आकाश सोनी अपने मित्र रामप्रताप निवासी बन्नामऊ के साथ रविवार की सुबह घर से किसी काम के लिए निकले थे। वहीं साकेत नगर मजरे आलमपुर निवासी अमनदीप अपने साथी अभिषेक सिंह निवासी पलिया बिरसिंहपुर के साथ बाइक से लालगंज की तरफ आ रहे थे।

कोतवाली के निकट लालगंज-फतेहपुर मुख्य मार्ग पर आमने-सामने दोनों बाइकों के मध्य टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाईकों पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची लालगंज पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आकाश सोनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामप्रताप को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।


अभिषेक सिंह ने बताया कि आकाश की बाइक स्लिप होकर फिसलते हुए आई और उसकी बाइक से टकरा गई थी। मृतक आकाश दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। मृतक के भाई विकास ने बताया कि आकाश ई रिक्शा चलाता था। वह सुबह घर में रिक्शा खड़ा कर अपने दोस्त के साथ किसी काम के लिए निकला था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही माता सावित्री समेत परिवार जन का रो-रो कर बुरा हाल है।

बरसात के मौसम में फिसलन बढ़ गई है, जिसके चलते सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ गई हैं। दोनों बाइकों की भिड़ंत में जहां एक युवक की मौत हो गई है, वहीं दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Tags:    

Similar News