Ballia News: शस्त्र व्यापारी आत्महत्या मामले में पुलिस ने भाजपा नेता सहित दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

Ballia News: पुलिस ने रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सिधागर पुल के समीप से देव नारायण सिंह पुना , अजय सिंह व आलोक सिंह को फार्च्यूनर वाहन से फरार होने का प्रयास करते समय गिरफ्तार किया था।

Update: 2023-02-09 08:04 GMT

Ballia News

Ballia News: पुलिस अधीक्षक बलिया राजकरण नैय्यर ने बृहस्पतिवार को बताया कि बलिया थाना कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड में एक बंदूक व्यापारी नंदलाल गुप्ता के सूदखोरों से तंग आकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शैलेंद्र सिंह पप्पू और हनुमान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बुधवार को रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सिधागर पुल के समीप से देव नारायण सिंह पुना, अजय सिंह व आलोक सिंह को फार्च्यूनर वाहन से फरार होने का प्रयास करते समय गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस इसके पूर्व तीन आरोपी सुनील मिश्रा राजू उर्फ राजीव मिश्रा व अवधेश ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस तरह इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ पहुंच गई है।

उन्होंने बताया कि हनुमान सिंह और शैलेन्द्र सिंह पप्पू द्वारा नंदलाल गुप्ता से जमीन की कराई गई रजिस्ट्री के निरस्तीकरण के साथ ही आरोपियों के जमीन व सम्पत्ति के साथ ही आय के श्रोत की जांच की जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करके इनकी सम्पत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की जायेगी। गिरफ्तार शैलेंद्र सिंह पप्पू भाजपा का स्थानीय नेता है।

सोशल मीडिया पर वायरल भाजपा नेता की तस्वीर

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में पप्पू को पूर्व उप मुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा व भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष सांसद लक्ष्मी कांत बाजपेयी द्वारा भाजपा की सदस्यता दिलाते दिखाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में देव नारायण सिंह पुना भी भाजपा का स्थानीय नेता है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी पंकज सिंह ने स्वीकार किया है कि गिरफ्तार शैलेंद्र सिंह पप्पू व देव नारायण सिंह पुना भाजपा का स्थानीय नेता हैं। पुना सिंह की पत्नी जिले के दुबहर ब्लाक की प्रमुख हैं। पुलिस अधीक्षक ने बलिया में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गुरुवार को बलिया दौरे के एक घंटे पहले गिरफ्तारी की जानकारी दी है। उल्लेखनीय है कि बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड निवासी शस्त्र व्यापारी नन्दलाल गुप्ता ने गत 1 फरवरी को कथित तौर पर सूदखोरों से तंग आकर फेसबुक लाइव पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने 13 नामजद व 5 अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

Tags:    

Similar News