आतंकवादी हमले में मारे गए अनुराग और रूबी का हुआ अंतिम संस्कार, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Balrampur: जम्मू संभाग के रियासी जिले में आतंकी हमले में जान गंवाने वाले दोनों श्रद्धालुओं के शव देर रात गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके साथ ही छह घायलों को भी डिस्चार्ज कराकर लाया गया है।

Update: 2024-06-13 11:49 GMT

आतंकवादी हमले में मारे गए अनुराग और रूबी का हुआ अंतिम संस्कार (न्यूजट्रैक)

Balrampur News: जम्मू- कश्मीर में आतंकवादी हमले में मारी गई युवती रूबी और 10 वर्षीय अनुराग का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। दोनों का शव गोंडा रेलवे स्टेशन से बलरामपुर लाया गया। जिसमें अनुराग का अंतिम संस्कार रात में ही कर दिया गया। वहीं रूबी का विधिवत परिवारिक व धार्मिक परंपरा के साथ वृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार किया गया।

बता दें कि जम्मू संभाग के रियासी जिले में आतंकी हमले में जान गंवाने वाले दोनों श्रद्धालुओं के शव देर रात गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके साथ ही छह घायलों को भी डिस्चार्ज कराकर लाया गया है। उधर, मृतका रूबी की बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। इसी तरह अनुराग की मौत से उसके घर भी मातम पसरा है। मृतकों के घर जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के अधिकारी पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बंधा रहे हैं। मालूम हो कि जम्मू संभाग के रियासी जिले में शिवखोड़ी से लौट रही तीर्थयात्रियों की बस पर आतंकियों ने रविवार को घात लगाकर हमला किया था। ताबड़तोड़ फायरिंग में चालक को गोली लगने से बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। इसके बाद भी आतंकियों ने बस पर फायरिंग की थी।

घटना में कांधभारी गांव की रूबी की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि उसकी मां विमला देवी व बहन मैना घायल हो गई थीं। बुधवार सुबह घायलों के साथ रूबी का शव गांव आना था लेकिन ट्रेन लेट हो गई। देर रात ट्रेन गोंडा पहुंची। जहां से दोनों शवों के साथ ही छह घायलों को सड़क मार्ग से बलरामपुर भेजा गया था।वही घर में मौजूद रूबी की बहन अंजली तथा भाई बहन व रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन दिन से वह खाना तक नहीं खा रही है। रिश्तेदार किसी तरह उसे संभालने की कोशिश कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उतरौला तहसील के ग्राम नयानगर बनकटवा निवासी अनुराग वर्मा की भी आतंकी हमले में गोली लगने से मौत हो गई थी।

वहीं, बस खाई में गिरने से अनुराग के पिता राजित राम व उनकी पत्नी शारदा देवी जख्मी हो गई थीं। घर में मौजूद अनुराग की बड़ी बहन मोहिनी वर्मा तथा छोटे भाई आदित्य व कांत तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान ने बताया कि अनुराग का शव देर रात तक गांव पहुंचने की सूचना मिली है। उतरौला ब्लॉक प्रमुख महिपाल चौधरी तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की है। दूसरी तरफ उतरौला तहसील क्षेत्र के शाहपुर इटई के मजरे लालाडीह की ऊषा देवी भी घायल हुई थीं। बुधवार रात तक वह भी गांव नहीं पहुंच सकी हैं। परिजन व रिश्तेदार बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे हैं। मधवाजोत में संतोष कुमार का भी परिजन व गांव के लोग इंतजार कर रहे हैं। उधर इन घटनाओं से गांव के साथ क्षेत्र में भी मातम फैला हुआ है। हर एक की ज़ुबान पर एक ही शब्द है कि इंसान से बड़ा इंसान का कोई दुश्मन नहीं है।

Tags:    

Similar News