Balrampur: तेंदुए का किसान पर हमला, बीते माह छह बच्चों को बना चुका है निवाला...ग्रामीणों में बढ़ा खौफ

Leopard Attack in Balrampur: बीते साल नवंबर के अंतिम हफ्ते और दिसंबर में तेंदुए ने छह बच्चों को अपना निवाला बनाया। इसके बाद, दिल्ली के साथ कोलकाता से हाईटेक संसाधनों से लैस टीमें लगाई गई। बावजूद तेंदुए ने हमला किया।

Update: 2024-01-02 13:44 GMT

Leopard Attack in Balrampur (Social Media)

Leopard Attack in Balrampur: बलरामपुर जिले के सोहेलवा वन क्षेत्र में तेंदुए का हमला कम होने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार (02 जनवरी) को एक बार फिर खेत की ओर जा रहे एक किसान पर तेंदुए ने हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में किसान घायल हो गया। बता दें, तेंदुए के हमलों में महीने भर में कई ग्रामीण घायल हुए हैं। जिससे ग्रामीणों में खौफ बना हुआ है।

जिले के हरैया सतघरवा सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग के गांवों में तेंदुए की दहशत बरकरार है। हफ्ते भर से शांत तेंदुआ आज एक बार फिर बाहर निकला। बनकटवा रेंज क्षेत्र के सरयू नहर पर तेंदुआ ने हमला कर एक किसान को घायल कर दिया। घायल युवक का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। हालांकि, वन विभाग की छह टीमें तेंदुए की निगरानी कर रही है, बावजूद ग्रामीणों में खौफ साफ-साफ देखा जा रहा है।

क्या बताया प्रत्यक्षदर्शी ने?

बलरामपुर के थाना हरैया क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरहवा के छितौनी गांव निवासी राकेश कुमार ने बताया कि, वह मिर्जापुर से फसल लाने गया था। लौटते समय सरयू नहर पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। बाइक चालक आल्हा के शोर मचाने पर तेंदुआ पंजा मारकर जंगल की तरफ भाग गया। वहीं, क्षेत्रीय वन अधिकारी बनकटवा रेंज सत्रोहन लाल ने बताया कि, 'घायल का इलाज चल रहा है। टीम मौके पर जांच कर रही है। तेंदुआ ही है, इसकी पुष्टि होने पर उसके घेराबंदी की कार्रवाई की जाएगी'।

छह बच्चों को बना चुका है निवाला

उल्लेखनीय है कि, बीते साल नवंबर के अंतिम हफ्ते और दिसंबर में तेंदुए ने छह बच्चों को अपना निवाला बनाया। इसके बाद, दिल्ली के साथ कोलकाता से हाईटेक संसाधनों से लैस टीमें लगाई गई। जालीदार ट्रैक्टर, झाड़ी में कार और मचान से आधा दर्जन टीमें निगरानी कर रही हैं। बेलवा, धर्मनगर समेत पांच गांवों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अब एक बार फिर, तेंदुआ लोगों पर हमला करने लगा है। जिससे ग्रामीण फिर से दहशत में आ गए हैं।

DFO ने कहा- पकड़ने के प्रयास जारी 

इस संबंध में डीएफओ डाॅ. एम. सेम्मारन के अनुसार, 'तेंदुए की निगरानी के लिए टीमें सतर्क हैं। उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। हमले की सूचना पर जांच कराई जा रही है। तेंदुए को पकड़ने का प्रयास बराबर किया जा रहा है'। 

Tags:    

Similar News