Banda News: बाप की लाश चाहिए तो ढीले करो 2 हजार, परेशान बेटे के कुल्हाड़ी उठाने से मर्चुरी में मचा हड़कंप

Banda News:घबराए कर्मचारियों ने उदयभान को पिता का शव वापस कर सुरक्षित महसूस किया। इस संबंध में CMO से बात करने की कोशिश की गई, पर संपर्क नहीं हो सका।

Report :  omtiwari
Update:2024-10-09 13:58 IST

Banda News (Pic:social Media)

Banda News: यह घटिया किस्म की घूसखोरी और घोर अमानवीयता का मामला है। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पोस्टमार्टम के बाद शव लौटाने के लिए मृतक के बेटे से 2000 रुपए की रिश्वत मांगी गई। मजदूर बेटे ने असमर्थता जताई और 500 रुपए देने की पेशकश की। लेकिन मर्चरी कर्मचारी नहीं पसीजे। मनमानी पर डटे रहे। बेटे का धैर्य चुक गया। उसे एक कुल्हाड़ी नजर आई। फिर, कुल्हाड़ी लहराकर उसने जो रौद्र रूप दिखाया, उससे सभी की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। मर्चरी कर्मचारियों को शव लौटाने में ही भलाई नजर आई। पुलिस तमाशबीन बनी रही।

पोस्टमार्टम हाउस में घूस के लिए शव न देने का मामला

रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस में सामने आया यह मामला तीन दिन पुराना है। मामले पर पर्दादारी की भरपूर कोशिश की गई। लेकिन घटना का वीडियो वायरल होने से सारी कोशिशें विफल हो गईं। सारी कहानी सामने आ गई। पता चला, बीते शनिवार को गिरवां थाने के बड़ोखर बुजुर्ग गांव निवासी उदयभान के पिता भोला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। कानपुर में मजदूरी के दौरान सूचना मिलने पर उदयभान बांदा पहुंचा। तब तक पिता का शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गया था। पूरा दिन गुजरने के बाद भी बेटे को पिता शव नहीं दिया गया। अगले दिन भी उदयभान पोस्टमार्टम हाउस में बैठा रहा। लगातार शव मांगता रहा। देखता रहा कि जो डेड बॉडी उसके पिता की बाडी के बाद आई थीं, उन्हें उनके परिजनों को पहले सौंप दिया गया। उसने इसका उलाहना भी दिया। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

फरियादी का कुल्हाड़ी संग रौद्र रूप देख शव लौटाने में मर्चुरी कर्मियों को नजर आई भलाई

मृतक भोला के बेटे उदयभान ने पोस्टमार्टम हाउस के एक कर्मचारी से शव जल्दी सौंपने का अनुरोध किया। बताया कि उसकी मां शुगर रोगी है। देखभाल के लिए कोई नहीं है। कर्मचारी ने शव देने के बदले 2000 रुपए की रिश्वत मांगी। उदयभान ने कहा, उसके पास केवल 5 सौ रुपए हैं। ले लो। लेकिन कर्मचारी 2000 रुपए की उगाही पर अड़ा रहा। इससे उदयभान का धैर्य चुक गया। उसने पोस्टमार्टम हाउस के पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और लहराकर बोला, यदि जल्दी शव न मिला तो वह हमला कर देगा। इससे सभी की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। मौजूद पुलिसकर्मी उसे समझाते नजर आए। इस बीच उदयभान कुल्हाड़ी लहराकर कर्मचारियों की ओर लपका। यह सब देख पोस्टमार्टम हाउस में हड़कंप मच गया। घबराए कर्मचारियों ने उदयभान को पिता का शव वापस कर सुरक्षित महसूस किया। इस संबंध में CMO से बात करने की कोशिश की गई, पर संपर्क नहीं हो सका।

Tags:    

Similar News