Banda News: मुझे तो सुनीता विलियम्स दिखी, करवा चौथ में चांद का दीदार करती महिलाओं ने खूब की हंसी ठिठोली

Banda News: मजाकिया अंदाज का यह वाकया एक सामूहिक आयोजन का है। लेकिन पर्व की धूम शहरों कस्बों से गांवों तक रही। एक सा नजारा नजर आया।

Report :  Om Tiwari
Update:2024-10-20 22:59 IST

Banda News 

Banda News: करवा चौथ परंपरागत तौर पर मना। पति के दीर्घायु होने की कामना समेटे सजी-धजी महिलाओं ने चांद का दीदार कर व्रत तोड़ा। लेकिन इस बार चांद के बहाने महिलाओं की न केवल हंसी ठिठोली सामने आई, बल्कि साफ हुआ कि चांद को आराध्य मानने के साथ ही वे वास्तविकता से भी वाकिफ हो रही हैं। ग्लोबल खबरें उनका ध्यान खींचती हैं। यह सब एक गृहिणी के इस मजाकिया अंदाज ने बखूबी व्यक्त किया, मुझे तो चलनी के ओट से चांद में सुनीता विलियम्स ज्यादा नजर आई।

भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष वैज्ञानिक का तकनीकी कारणों से चांद में ही ठहरने की मजबूरी के साथ ही चांद में बस्तियां बसाने की वैश्विक तैयारी से घर रसोई तक सीमित महिलाएं किस कदर वाकिफ हैं, उसकी एक झलक करवा चौथ में महिलाओं के आपसी मजाक ने बड़ी ही सहजता से पेश किया। इसे और उनके सोलह ऋंगार, उस पर तारी बाजार की मार और परंपरा के प्रति प्यार पर का उल्लेख कर जानी-मानी एक नृत्यांगना की टिप्पणी काबिले गौर है। उन्होंने कहा, इसे आप प्राचीनता और आधुनिकता का उम्दा समावेश कह सकते हैं।

मजाकिया अंदाज का यह वाकया एक सामूहिक आयोजन का है। लेकिन पर्व की धूम शहरों कस्बों से गांवों तक रही। एक सा नजारा नजर आया। फिल्मी गीत की पंक्तियां- भला है बुरा है जैसा भी है, मेरा पति मेरा देवता है.. चरितार्थ होती नजर आईं। निर्जला व्रत पतिव्रता का सबूत बना। शाम ढले सुहागिनों ने चंद्रमा को अर्घ्य देकर चलनी की ओट से पति का दीदार किया। पति के हाथों पानी पीकर पारण किया। पतियों ने पत्नियों को उपहारों से नवाजा। पत्नियों ने भी मुस्कुराकर धन्यवाद उछालने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

Tags:    

Similar News